क्षेत्रीय
02-Apr-2026
...


बिलासपुर (ईएमएस)। क्षेत्र के बिजली उपभोक्ताओं को बड़ी राहत देते हुए छत्तीसगढ़ स्टेट पावर डिस्ट्रीब्यूशन कंपनी लिमिटेड ने बिलासपुर में नया संभागीय कार्यालय बिलासपुर-2 (सकरी) शुरू कर दिया है। इस कार्यालय के शुरू होने से तखतपुर, कोटा और बेलतरा क्षेत्र के उपभोक्ताओं की बिजली से जुड़ी समस्याओं का अब स्थानीय स्तर पर ही त्वरित समाधान हो सकेगा। लोकार्पण समारोह में तखतपुर विधायक डॉ. धर्मजीत सिंह, कोटा विधायक अटल श्रीवास्तव, बेलतरा विधायक सुशांत शुक्ला, महापौर पूजा विधानी और कंपनी के प्रबंध निदेशक भीम सिंह सहित कई जनप्रतिनिधि व अधिकारी मौजूद रहे। अब दूर नहीं जाना पड़ेगा अब तक इन क्षेत्रों के लोगों को छोटे-छोटे कामों के लिए भी मुंगेली और जीपीएम जैसे दूर जिलों का रुख करना पड़ता था। नए कार्यालय के शुरू होने से करीब 75त्न से अधिक उपभोक्ताओं को सीधा फायदा मिलेगा और समय की भी बचत होगी। 344 गांवों को मिलेगा लाभ नए संभाग में तखतपुर के 178 गांव, कोटा के 164 गांव, बेलतरा व बिल्हा क्षेत्र के 10 गांव को शामिल किए गए हैं। कुल मिलाकर 344 गांवों के उपभोक्ता अब इस कार्यालय से जुड़े रहेंगे। 4 उपसंभाग और 11 वितरण केंद्र प्रशासनिक सुविधा के लिए इसे 4 उपसंभागों—सकरी, कोटा, रतनपुर और तखतपुर—में बांटा गया है। वहीं 11 वितरण केंद्र बनाए गए हैं, जिनमें सकरी, गनियारी, कोटा शहरी-ग्रामीण, रतनपुर, बेलगहना, चपोरा, तखतपुर, दैजा और जूनापारा शामिल हैं। लाखों उपभोक्ताओं को फायदा कुल निम्न दाब उपभोक्ता:1,06,926, घरेलू उपभोक्ता: लगभग 62 हजार, कृषि पंप:14 हजार, उच्च दाब उपभोक्ता:47, साथ ही क्षेत्र में 2 उपकेंद्र (132/33 केव्ही) और 28 उपकेंद्र (33/11 केव्ही) कार्यरत हैं। योजनाओं में भी बढ़ी भागीदारी कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री बिजली बिल समाधान योजना 2026 के तहत पूरा भुगतान करने वाले उपभोक्ताओं को सम्मानित किया गया। शिविर में 44 उपभोक्ताओं ने पंजीयन कराकर करीब 2.33 लाख रुपए का भुगतान किया। वहीं प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना में भी 4 लोगों ने रजिस्ट्रेशन कराया। जनप्रतिनिधियों ने क्या कहा विधायकों ने कहा कि इस कार्यालय के शुरू होने से न केवल जनता को राहत मिलेगी, बल्कि बिजली विभाग की कार्यप्रणाली में पारदर्शिता और तेजी भी आएगी। कार्यक्रम में बिजली विभाग के वरिष्ठ अधिकारी, कर्मचारी, जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे। मनोज राज 04 अप्रैल 2026