राज्य
02-Apr-2026


गोरखपुर (ईएमएस)। यूपी के गोरखपुर जिले के खोराबार क्षेत्र के ग्राम मिर्जापुर के पास राप्ती नदी में चार किशोरों के डूबने की सूचना से हड़कंप मचा है। घटना की खबर मिलते ही प्रशासन हरकत में आया और तत्काल राहत और बचाव कार्य शुरू करा दिया गया है। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए 11वीं वाहिनी एनडीआरएफ की टीम को आवश्यक उपकरणों के साथ मौके पर तैनात करके सर्च ऑपरेशन शुरू किया है। सर्च ऑपरेशन देर रात तक लगातार जारी रहा। जिला आपदा विशेषज्ञ गौतम गुप्ता ने बताया कि लापता बच्चों में बीरू उर्फ अमन राजभर (15) पुत्र रामसमुझ, अनिकेत यादव (13) पुत्र सत्येंद्र यादव निवासी रानीडीहा थाना कैंट, विवेक निषाद (15) पुत्र सतीश निषाद निवासी मालवीय नगर थाना कैंट और गगन पासवान (15) पुत्र संतदेव निवासी जंगल सिकरी थाना खोराबार शामिल हैं। सभी किशोर आसपास के ही रहने वाले बताए जा रहे हैं। घटना के समय एक साथ मौजूद थे। उन्होंने बताया कि शाम करीब छह बजे घटना की सूचना उपजिलाधिकारी सदर दीपक गुप्ता द्वारा इमरजेंसी ऑपरेशन सेंटर और जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण को दी गई। इसके बाद आपदा विभाग ने त्वरित कार्रवाई करते हुए एनडीआरएफ की आरआरसी 11वीं वाहिनी चारगांवा और वाराणसी मुख्यालय से संपर्क कर रेस्क्यू टीम को मौके पर भेजा। टीम ने पहुंचते ही स्थानीय गोताखोरों और पुलिस के सहयोग से तलाशी अभियान तेज कर दिया। घटना की सूचना मिलते ही जिलाधिकारी दीपक मीणा, क्षेत्रीय विधायक विपिन सिंह भी मौके पर पहुंचे और पूरे घटनाक्रम का जायजा लिया। उन्होंने पीड़ित परिवारों से मुलाकात कर उन्हें ढांढस बंधाया और अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि बचाव कार्य में किसी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए। साथ ही परिवारों को हरसंभव सहायता उपलब्ध कराने का भरोसा भी दिया। जितेन्द्र 02 अप्रैल 2026