:: बड़ी राहत : तीन प्रतिशत की बढ़ोतरी के साथ जुलाई 2025 से होगा लागू, नौ माह का एरियर छह किश्तों में मिलेगा :: इंदौर/भोपाल (ईएमएस)। राज्य सरकार ने प्रदेश के लाखों शासकीय कर्मचारियों को नए वित्त वर्ष का बड़ा तोहफा देते हुए महंगाई भत्ते (डीए) में तीन प्रतिशत की बढ़ोतरी की है। वित्त विभाग द्वारा गुरुवार को जारी आदेश के अनुसार, सातवें वेतनमान के अंतर्गत कार्यरत कर्मचारियों को अब 55 के स्थान पर 58 प्रतिशत महंगाई भत्ता देय होगा। यह वृद्धि 1 जुलाई 2025 से प्रभावी मानी जाएगी, जिससे कर्मचारियों की आर्थिक स्थिति में सुधार होगा। वित्त विभाग के परिपत्र के अनुसार, बढ़े हुए महंगाई भत्ते का वास्तविक नकद लाभ कर्मचारियों को 1 अप्रैल 2026 (भुगतान माह मई 2026) से प्राप्त होगा। सरकार के इस निर्णय से राज्य के खजाने पर अतिरिक्त भार आएगा, लेकिन लंबे समय से लंबित इस मांग के पूरा होने से कर्मचारी संगठनों ने हर्ष व्यक्त किया है। आदेश में स्पष्ट किया गया है कि महंगाई भत्ते की गणना में 50 पैसे या उससे अधिक की राशि को अगले पूर्ण रुपये में जोड़ा जाएगा, जबकि इससे कम राशि को छोड़ दिया जाएगा। :: छह समान किश्तों में होगा एरियर का भुगतान :: 1 जुलाई 2025 से 31 मार्च 2026 तक की अवधि के एरियर (बकाया राशि) के भुगतान के लिए सरकार ने विशेष योजना बनाई है। नौ माह के इस एरियर का भुगतान छह समान किश्तों में किया जाएगा। यह किश्तें मई, जून, जुलाई, अगस्त, सितंबर और अक्टूबर 2026 के वेतन के साथ प्रदान की जाएंगी। विभाग ने स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि इस भुगतान पर होने वाला व्यय संबंधित विभाग के स्वीकृत बजट प्रावधानों के भीतर ही सुनिश्चित किया जाए। :: सेवानिवृत्त और दिवंगत कर्मचारियों को विशेष लाभ :: सरकार ने उन कर्मचारियों का भी विशेष ध्यान रखा है जो पात्रता अवधि के दौरान सेवा से मुक्त हो चुके हैं। वित्त विभाग के आदेशानुसार, जो कर्मचारी 1 जुलाई 2025 से 31 मार्च 2026 के बीच सेवानिवृत्त हो गए हैं या जिनका इस अवधि में निधन हो गया है, उन्हें अथवा उनके नामांकित सदस्यों (नॉमिनी) को एरियर की पूरी राशि एकमुश्त प्रदान की जाएगी। इसके लिए किश्तों का इंतजार नहीं करना होगा। प्रकाश/02 अप्रैल 2026