कांकेर(ईएमएस)। छत्तीसगढ़ के कांकेर जिले के बाजारों में पिछले कई महीनों से छोटे मूल्यवर्ग के नोटों, खासकर ₹10 और ₹20 की कमी गंभीर समस्या बन गई है। इस मुद्दे को लेकर कांकेर चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज के प्रतिनिधि मंडल ने भारतीय स्टेट बैंक के क्षेत्रीय कार्यालय पहुंचकर प्रबंधक भास्कर मनमोहन को ज्ञापन सौंपा। व्यापारियों ने बताया कि चिल्लर की कमी के कारण रोजमर्रा के लेन-देन में परेशानी हो रही है। उन्हें ग्राहकों को सही राशि लौटाने में मुश्किल हो रही है, कई बार मजबूरी में उधारी या राउंड फिगर में लेन-देन करना पड़ रहा है, जिससे आर्थिक नुकसान उठाना पड़ रहा है। यह समस्या अब केवल व्यापारियों तक सीमित नहीं रही, बल्कि आम लोगों की खरीदारी भी प्रभावित हो रही है। चैंबर ऑफ कॉमर्स ने बैंक से मांग की है कि कांकेर क्षेत्र में छोटे नोट और चिल्लर की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित की जाए। प्रतिनिधि मंडल ने चेताया कि यदि समस्या का जल्द समाधान नहीं हुआ तो व्यापारिक गतिविधियों पर और गंभीर असर पड़ेगा। ज्ञापन सौंपने वाले प्रतिनिधि मंडल में चैंबर अध्यक्ष अनूप शर्मा, महामंत्री दिनेश रजक, कोषाध्यक्ष सचिन गिडलानी और मंत्री मनीष देवनानी सहित अन्य सदस्य मौजूद थे। ईएमएस(राकेश गुप्ता)03 अप्रैल 2026