क्षेत्रीय
03-Apr-2026
...


जांजगीर(ईएमएस)। जिले के बिरगहनी चौक स्थित एक किराना दुकान में हुई चोरी की वारदात को पुलिस ने कुछ ही घंटों में सुलझा लिया। कार्रवाई करते हुए पुलिस ने दो शातिर चोरों को गिरफ्तार कर उनके पास से चोरी किया गया सामान भी बरामद कर लिया है। दोनों आरोपी पड़ोस के ही रहने वाले हैं और उनकी उम्र 19 वर्ष बताई जा रही है। कोतवाली पुलिस के मुताबिक, बिरगहनी चौक पर शोभाराम साहू की किराना दुकान है। 31 मार्च की रात वे रोज की तरह दुकान बंद कर घर चले गए थे। अगली सुबह 1 अप्रैल को जब वे दुकान पहुंचे, तो ताला टूटा हुआ मिला और दुकान से राशन सामान गायब था। इसके बाद उन्होंने तुरंत कोतवाली थाने में शिकायत दर्ज कराई। मामले की गंभीरता को देखते हुए थाना प्रभारी जयप्रकाश गुप्ता के नेतृत्व में पुलिस टीम ने जांच शुरू की। घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच में दो संदिग्ध युवक देर रात दुकान के आसपास घूमते नजर आए। फुटेज के आधार पर पुलिस ने संदेहियों की पहचान कर उनके घर के पास घेराबंदी कर गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में आरोपियों ने चोरी की बात कबूल कर ली, जिसके बाद उनकी निशानदेही पर चोरी का सामान भी बरामद कर लिया गया। गिरफ्तार आरोपियों में अमित पटेल (19) पिता भोलाराम, वार्ड-15 बिरगहनी और राजवीर सिंह राजपूत (19) पिता विजय सिंह, वार्ड-15 बिरगहनी शामिल हैं। पुलिस आगे की कार्रवाई में जुटी हुई है। सत्यप्रकाश(ईएमएस)03 अप्रैल 2026