राज्य
03-Apr-2026
...


( शिवपुरी ) ट्रैक्टर-ट्रॉली हाईटेंशन लाइन की चपेट में आई, महिला और 7 साल का बच्चा जिंदा जले शिवपुरी ( ईएमएस ) कोलारस शुक्रवार सुबह भूसा लेने जा रही ट्रैक्टर-ट्रॉली बिजली की हाईटेंशन लाइन की चपेट में आ गई। हादसे में एक महिला और 7 साल का बच्चा जिंदा जल गए। उनकी मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक महिला और एक पुरुष गंभीर रूप से झुलस गए हैं। राजस्थान के बारां जिले के खेड़ली गांव में रहने वाला बंजारा परिवार हर साल की तरह इस बार भी कोलारस में भूसा खरीदने आया था। ये लोग खेतों में डेरा डालते हैं और गांव-गांव घूमकर भूसा खरीदते हैं। ट्रैक्टर-ट्रॉली के जरिये एक जगह इकट्ठा करते हैं। बाद में बड़ी मात्रा में भूसा बेचकर मुनाफा कमाते हैं। बताया जा रहा है कि आज सुबह टोल टैक्स के पास बने बंजारा डेरे से दो ट्रैक्टर-ट्रॉली भूसा खरीदने के लिए निकले थे। आगे चल रहा ट्रैक्टर देहरदा गांव से कच्चे रास्ते से होते हुए डोडयाई गांव की ओर जा रहा था। इसी दौरान ट्रॉली में लगे लोहे के पाइप हाईटेंशन लाइन से टकरा गए, जिससे करंट फैल गया। ट्रैक्टर पर विनोद बंजारा पिता रंजीत बंजारा (27), लीला बाई बंजारा पति विनोद बंजारा (30), केसर बाई पिता मेंबर बंजारा और 7 साल का अनिल पिता मेंबर बंजारा सवार थे। करंट से लीला बाई की साड़ी में आग लग गई। इसकी चपेट में मासूम अनिल भी आ गया। दोनों की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं विनोद और केसर बाई करंट के झटके से ट्रैक्टर से दूर जा गिरे, लेकिन उनकी हालत नाजुक बनी हुई है। पीछे चल रहे ट्रैक्टर-ट्रॉली सवारों ने मौके पर पहुंचकर लीला बाई की सुलगती लाश को वहीं छोड़ दिया। बाकी तीनों को ट्रॉली में डालकर अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने 7 साल के अनिल को भी मृत घोषित कर दिया। विनोद और केसर बाई का इलाज जारी है। पुलिस ने मर्ग कायम कर लिया है |