क्षेत्रीय
03-Apr-2026


- सभी संबंधित गैस एजेंसियों के पास 20469 गैस सिलेंडर स्टॉक में रक्षित है पूर्णिया, (ईएमएस)। प्रेस क्लब पूर्णिया में आयोजित प्रेसवार्ता के दौरान अपर समाहर्ता सह जिला आपूर्ति पदाधिकारी रविशंकर उरांव द्वारा बताया गया कि पूर्णिया जिलान्तर्गत संचालित एल.पी.जी. गैस एजेसियों में शुक्रवार को कुल 9194 संबंधित गैस उपभोक्ताओं द्वारा गैस सिलेंडर का डिमांड किया गया। नियमानुसार 8795 से अधिक गैस सिलेंडरों का वितरण संबंधित गैस उपभोक्ताओं को किया गया है। जबकि अभी भी 20469 गैस सिलेंडर संबंधित एजेसिंयों के गोदामों में रक्षित हैं। अपर समाहर्ता सह जिला आपूर्ति पदाधिकारी रविशंकर उरांव द्वारा बताया गया कि जिले में कुल 71 गैस एजेंसी संचालित हैं। उन्होंने बताया कि 15 मार्च 2026 से आज तक कुल 268 शिकायतें एलपीजी गैस से संबंधित आपदा प्रबंधन कार्यालय के जिला नियंत्रण कक्ष के दूरभाष पर प्राप्त हुआ है। जिसमें से 258 का निष्पादन कर दिया गया है। शेष 10 शिकायतों पर त्वरित कार्रवाई हेतु संबंधित एजेंसी को प्रेषित किया गया है। जिला आपूर्ति पदाधिकारी द्वारा बताया गया कि जिला के विभिन्न क्षेत्रों में एलपीजी गैस को लेकर छापामारी एवं निरीक्षण संबंधितअधिकारियों द्वारा लगातार किया जा रहा है। जिले में गैस सिलेंडर की कोई किल्लत नहीं है। गैस एजेंसियों द्वारा नियमित रूप से पूर्व की तरह संबंधित गैस उपभोक्ताओं को होम डिलीवरी की सेवा नियमित रूप से दी जा रही है। नियमानुसार ग्रामीण क्षेत्रों में गैस आपूर्ति हेतु लगभग 45 दिनों का चक्र निर्धारित है और शहरी क्षेत्रों में यह अवधि लगभग 25 दिनों की निर्धारित है। उन्होंने आम नागरिकों से अपील किया है की घबराहट में या पैनिक होकर घरेलू गैस सिलेंडर की बुकिंग नहीं कराए। नियमानुसार गैस की बुकिंग कराएं।ससमय पूर्व की तरह गैस सिलेंडर होम डिलीवरी किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि जिला पदाधिकारी अंशुल कुमार द्वारा संबंधित अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिया गया है की कालाबाजारी एवं मुनाफाखोरी करने वालों पर विधि सम्मत त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करें। यदि किसी उपभोक्ता को गैस के संबंध में किसी प्रकार की शिकायत दर्ज करना है तो आपदा प्रबंधन कार्यालय के जिला नियंत्रण कक्ष के दूरभाष नम्बर:---- 06454-242319/242317/242320 पर सम्पर्क करें। प्राप्त शिकायतों पर जिला प्रशासन द्वारा त्वरित कार्रवाई की जा रही है। उन्होंने आमजनों से अपील किया गया है कि किसी भी प्रकार की अफवाहों पर ध्यान न दें। कालाबाजारी पर रोक लगाने के लिए नियमित रूप से औचक छापेमारी एवं निरीक्षण संबंधित अधिकारियों द्वारा लगातार किया जा रहा है। सोशल मीडिया पर प्रसारित हो रही अफवाहों पर ध्यान नहीं दें और किसी भी प्रकार की गलत सूचना से बचें। उन्होंने बताया कि जिला पदाधिकारी महोदय के निर्देश के आलोक में संबंधित अधिकारियों द्वारा लगातार गैस वितरण व्यवस्था की सतत् एवं गहन निगरानी की जा रही है,ताकि सभी उपभोक्ताओं को समय पर गैस उपलब्ध होता रहें। संतोष झा-०३ अप्रैल/२०२६/ईएमएस