क्षेत्रीय
03-Apr-2026
...


शहर में इन दिनों एलपीजी गैस सिलेंडर की किल्लत से उपभोक्ता परेशान हैं। हालात ऐसे हैं कि ऑनलाइन और मोबाइल फोन पर बुकिंग कराने के बाद भी लोगों को समय पर घरेलू गैस सिलेंडर नहीं मिल पा रहा। घर-घर सिलेंडर पहुंचाने की व्यवस्था होने के बावजूद हॉकर उपभोक्ताओं तक सिलेंडर नहीं पहुंचा पा रहे हैं। इसके चलते लोग मजबूरन गैस एजेंसियों और डंपिंग प्वाइंट तक पहुंच रहे हैं जहां रोज लंबी कतारें लग रही हैं। गैस सिलेंडरो की कालाबाजारी की शहर में चर्चाएं आम हैं। शहर के कई इलाकों में गैस उपभोक्ताओं ने शिकायत की है कि रसोईगैस सिलेंडर बुक कराने के कई दिन बाद भी डिलीवरी नहीं हो रही। कई परिवारों के घरों में गैस खत्म होने की स्थिति बन गई है।जिससे खाना बनाने तक में परेशानी हो रही है। गैस उपभोक्ताओं का कहना है कि एजेंसी पर संपर्क करने पर केवल “सप्लाई आने” या “हॉकर भेजने” की बात कही जाती है। लेकिन गैस सिलेंडर समय पर नहीं पहुंचता। हॉकर व्यवस्था भी बेअसर, एजेंसी पर बढ़ रहा दबाव.... जिला -प्रशासन और गैस कंपनियों की ओर से उपभोक्ताओं की सुविधा के लिए हॉकरों के जरिए घर-घर सिलेंडर पहुंचाने की व्यवस्था लागू की गई थी।ताकि गैस एजेंसियों पर भीड़ कम हो और उपभोक्ताओं को लाइन में न लगना पड़े। लेकिन जमीनी हकीकत इससे उलट नजर आ रही है। कई क्षेत्रों में हॉकर या तो समय पर नहीं पहुंच रहे या फिर सीमित संख्या में गैस सिलेंडर लेकर जा रहे हैं। ऐसे में जिन उपभोक्ताओं ने पहले से बुकिंग करा रखी है, वे भी खुद एजेंसी पहुंचकर सिलेंडर लेने को मजबूर हैं। इससे गैस एजेंसियों के बाहर सुबह से ही भीड़ जमा होने लगती है। अब डंपिंग प्वाइंट पर भी लग रहा जमावड़ा... स्थिति इतनी बिगड़ गई है कि अब केवल गैस एजेंसियों ही नहीं। बल्कि डंपिंग प्वाइंट पर भी लोगों की भीड़ पहुंचने लगी है। उपभोक्ता गैस सिलेंडर जल्दी मिलने की उम्मीद में सीधे वहीं पहुंच रहे हैं।जहां गैस सिलेंडरो का स्टॉक रखा जाता है। अधिकारियों का कहना है कि गैस एजेंसियों द्वारा अपने-अपने क्षेत्र के हिसाब से डंपिंग प्वाइंट तय किए गए हैं।ताकि बुक किए गए सिलेंडरों की सप्लाई व्यवस्थित तरीके से हो सके। लेकिन उपभोक्ताओं की संख्या अधिक होने और आपूर्ति सीमित रहने से व्यवस्था पर दबाव बढ़ गया है। पर्ची कटवाने के लिए भी लगानी पड़ रही लाइन.... उपभोक्ताओं की परेशानी सिर्फ रसोई गैस सिलेंडर मिलने तक सीमित नहीं है। कई जगहों पर पर्ची कटवाने की प्रक्रिया भी लोगों के लिए बड़ी समस्या बनी हुई है। ऑनलाइन बुकिंग कराने के बाद भी उपभोक्ताओं को गैस एजेंसी पहुंचकर पर्ची कटवानी पड़ रही है। पर्ची के बिना सिलेंडर नहीं मिलने से लोगों को दोहरी परेशानी झेलनी पड़ रही है—पहले बुकिंग, फिर एजेंसी में लाइन और उसके बाद डिलीवरी का इंतजार... इस पूरी प्रक्रिया में खासतौर पर बुजुर्ग, महिलाएं और कामकाजी लोग ज्यादा परेशान हो रहे हैं। कई उपभोक्ताओं ने बताया कि उन्हें एक सिलेंडर के लिए दो से तीन बार गैस एजेंसी के चक्कर लगाने पड़ रहे हैं। परेशान उपभोक्ताओ छलका दर्द.... उपभोक्ता अंगूरी बाई, रमेश गौर का कहना है कि पिछले आठ दिन पहले आनलाइन सिलेंडर बुकिंग कराया है। लेकिन एजेंसी कर्मचारी सिलेंडर खत्म होने का बहाना बनाकर टरका देते हैं। बराई खास निवासी दशरथ सिंह लोधी बताते हैं कि मार्च महीने के दूसरे पखवाड़े में एलपीजी सिलेंडर बुकिंग किए जाने के बावजूद एमआर गैस एजेंसी के चक्कर काटने के लिए मजबूर हैं। जिला प्रशासन ने शुरू की मॉनिटरिंग लगातार बढ़ती शिकायतों के बाद प्रशासन ने गैस एजेंसियों की निगरानी शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि जिन उपभोक्ताओं की बुकिंग हो चुकी है।उन्हें प्राथमिकता के आधार पर गैस सिलेंडर उपलब्ध कराया जाएगा। साथ ही गैस एजेंसियों को यह निर्देश दिए गए हैं कि हॉकरों के माध्यम से घर-घर सप्लाई सुनिश्चित की जाए और उपभोक्ताओं को अनावश्यक रूप से एजेंसी तक न बुलाया जाए। जिला प्रशासन का दावा है कि जल्द ही सप्लाई व्यवस्था को सामान्य किया जाएगा।लेकिन फिलहाल उपभोक्ताओं को राहत मिलती नजर नहीं आ रही। शहर में गैस की किल्लत के चलते रसोई का बजट और व्यवस्था दोनों बिगड़ते दिख रहे हैं। उपभोक्ताओं की मांग... लोगों ने मांग की है कि समय पर सिलेंडर डिलीवरी सुनिश्चित की जाए। ऑनलाइन गैस सिलेंडर बुकिंग के बाद अलग से पर्ची की बाध्यता खत्म हो। गैस एजेंसियों पर अतिरिक्त काउंटर लगाए जाएं। हॉकरों की जवाबदेही तय की जाए। गैस उपभोक्ताओं का कहना है कि जब घर तक सिलेंडर पहुंचाने का सिस्टम पहले से मौजूद है।तो उन्हें गैस एजेंसी और डंपिंग प्वाइंट के चक्कर क्यों लगाने पड़ रहे हैं। इनका कहना है.... आपके द्वारा शिकायतें मेरे संज्ञान में आई हैं। उपभोक्ताओं की अगर कोई शिकायत करना चाहे तो जिला खाद्य विभाग में कर सकते हैं। राजु कातुलकर जिला फूड अधिकारी रायसेन किशोर वर्मा ईएमएस रायसेन 03/04/2026