बीजिंग(ईएमएस)। चीन की मशहूर अरबपति कारोबारी यू वेनहोंग एक बार फिर अपनी निजी जिंदगी को लेकर वैश्विक सुर्खियों में हैं। 55 वर्षीय वेनहोंग ने अपनी ही कंपनी में काम करने वाले 25 वर्षीय मॉडल लियू युचेन (रेनरेन) से विवाह कर सनसनी मचा दी है। मार्च 2026 में संपन्न हुई इस शादी की चर्चा इसलिए भी अधिक है क्योंकि दुल्हन ने अपने से 30 साल छोटे दूल्हे को उपहार और दहेज के रूप में लगभग 68 करोड़ रुपये (50 मिलियन युआन) की संपत्ति, नकदी और लग्जरी कारें भेंट की हैं। यू वेनहोंग का सफर बेहद दिलचस्प रहा है, उन्होंने एक साधारण आइब्रो आर्टिस्ट के रूप में शुरुआत की और आज वह ब्यूटी प्रोडक्ट्स के अरबों के साम्राज्य की मालकिन हैं। हालांकि, उनका व्यावसायिक करियर जितना सफल रहा, उनकी निजी जिंदगी उतनी ही विवादों और चर्चाओं में रही है। यह उनकी छठी शादी है। बताया जा रहा है कि दोनों की मुलाकात 2025 के अंत में हुई थी, जिसके बाद यू वेनहोंग ने रेनरेन को लुभाने के लिए रोल्स रॉयस और मर्सिडीज जैसी महंगी कारों की झड़ी लगा दी थी। सोशल मीडिया पर इस शादी की एक तस्वीर तेजी से वायरल हो रही है, जिसमें यह नवविवाहित जोड़ा यू वेनहोंग के 17 वर्षीय बेटे के साथ खड़ा है। इंटरनेट यूजर्स इस तस्वीर में बेटे के चेहरे के हाव-भावों पर तरह-तरह की टिप्पणियां कर रहे हैं, जिनमें उनके असहज दिखने का दावा किया जा रहा है। वहीं, दूल्हे रेनरेन ने अपनी स्थिति स्पष्ट करते हुए कहा कि उन्होंने कभी ऐसी विलासितापूर्ण जीवनशैली की कल्पना नहीं की थी, लेकिन जब किस्मत ने उन्हें यह अवसर दिया, तो उन्होंने इसे ठुकराना उचित नहीं समझा। दिलचस्प बात यह है कि यू वेनहोंग अक्सर सार्वजनिक मंचों पर यह कहती रही हैं कि महिलाओं को पुरुषों के बजाय केवल अपनी आर्थिक शक्ति पर भरोसा करना चाहिए क्योंकि मर्द भरोसेमंद नहीं होते। अब अपनी ही कंपनी के युवा मॉडल से शादी करने के बाद लोग उनके पुराने बयानों को लेकर बहस कर रहे हैं। आलोचक इसे प्यार के बजाय पैसे और शोहरत का तमाशा बता रहे हैं, जबकि समर्थकों का मानना है कि दौलत और निजी पसंद के आगे उम्र का फासला कोई मायने नहीं रखता। फिलहाल, चीन के व्यापारिक और सोशल मीडिया हलकों में यह दहेज वाली शादी सबसे चर्चित विषय बनी हुई है। वीरेंद्र/ईएमएस 04 अप्रैल 2026