भोजपुर, (ईएमएस)। बिहार के भोजपुर जिले के आरा नगर थाना क्षेत्र में हुए सनसनीखेज हत्याकांड का पुलिस ने तेजी से खुलासा करते हुए बड़ी सफलता हासिल की है। बिहार पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए घटना के मात्र 24 घंटे के अंदर ही दो अभियुक्तों को गिरफ्तार कर लिया। यह घटना 1 अप्रैल को आरा नगर थाना क्षेत्र में हुई, जहां आपसी विवाद के चलते मो० अफरोज को गोली मार दी गई थी। गंभीर रूप से घायल अफरोज की मौके पर ही मौत हो गई, जिससे इलाके में दहशत का माहौल बन गया था। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस हरकत में आई और त्वरित जांच शुरू की गई। तकनीकी और मानवीय सूचनाओं के आधार पर पुलिस ने मामले में संलिप्त दो आरोपियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तारी के दौरान पुलिस ने घटना में प्रयुक्त हथियार भी बरामद कर लिया। पुलिस के अनुसार, आरोपियों के पास से एक देशी पिस्टल और एक खोखा बरामद किया गया है, जो इस हत्याकांड में इस्तेमाल किया गया था। पुलिस अब गिरफ्तार अभियुक्तों से पूछताछ कर रही है, ताकि मामले से जुड़े अन्य पहलुओं और संभावित साजिश का भी खुलासा किया जा सके। पुलिस की इस त्वरित कार्रवाई की स्थानीय लोगों द्वारा सराहना की जा रही है। अधिकारियों ने आश्वासन दिया है कि जिले में कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए ऐसे अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। संतोष झा-०४ अप्रैल/२०२६/ईएमएस