पटना, (ईएमएस)। बिहार पुलिस ने एक बार फिर तेज कार्रवाई का उदाहरण पेश करते हुए पटना जिले के दानापुर इलाके में हुए ज्वेलरी दुकान लूट कांड का महज 72 घंटे के अंदर सफल उद्भेदन कर लिया है। इस कार्रवाई में मुख्य आरोपियों समेत कुल 6 अपराधियों को गिरफ्तार किया गया है। जानकारी के अनुसार, 31 मार्च को दानापुर थाना क्षेत्र के अंतर्गत एक ज्वेलर्स दुकान में कुछ अज्ञात अपराधियों ने हथियार के बल पर लूट की वारदात को अंजाम दिया था। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल बन गया था और पुलिस पर जल्द खुलासे का दबाव था। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तत्काल एक विशेष टीम का गठन किया। टीम ने तकनीकी अनुसंधान, मोबाइल ट्रैकिंग और सीसीटीवी फुटेज का गहन विश्लेषण किया। जांच के दौरान मिले अहम सुरागों के आधार पर पुलिस ने सिवान जिला में छापेमारी कर मुख्य अपराधियों को धर दबोचा। गिरफ्तार आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस ने आगे की कार्रवाई करते हुए कांड में शामिल अन्य चार अपराधियों को भी गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने इनके पास से लूट के जेवरात और घटना में इस्तेमाल किए गए हथियार बरामद किए हैं। बरामद सामान में करीब 7 ग्राम सोना, 832 ग्राम चांदी, 2 देशी कट्टा, 1 जिंदा कारतूस, 2 खोखा, पिस्टल का एक मैगजीन, 3 मोबाइल फोन, एक बेहोश करने वाला स्प्रे, एक स्कूटी और एक बाइक शामिल हैं। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, सभी आरोपियों से पूछताछ जारी है और इस गिरोह के अन्य सदस्यों की तलाश भी की जा रही है। इस सफल कार्रवाई से स्थानीय लोगों में राहत का माहौल है और पुलिस की तत्परता की सराहना की जा रही है। बहरहाल इस मामले ने एक बार फिर यह साबित कर दिया कि अगर जांच सही दिशा में हो, तो बड़ी से बड़ी वारदात का खुलासा कम समय में किया जा सकता है। संतोष झा-०४ अप्रैल/२०२६/ईएमएस