क्षेत्रीय
04-Apr-2026


पटना, (ईएमएस)। बिहार की राजधानी पटना में नशे के कारोबार के खिलाफ बिहार पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक संगठित गिरोह का पर्दाफाश किया है। इस कार्रवाई में पुलिस द्वारा नशीले इंजेक्शन की अवैध खरीद-बिक्री में शामिल छह आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। प्राप्त जानकारी के अनुसार पुलिस को सूचना मिली थी कि बहादुरपुर थाना क्षेत्र के एक मकान में कुछ लोग नशीले इंजेक्शन का अवैध कारोबार कर रहे हैं। सूचना के आधार पर एक विशेष छापेमारी टीम का गठन किया गया। टीम ने मौके पर पहुंचकर छापेमारी की और सभी छह आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। तलाशी के दौरान पुलिस ने आरोपियों के पास से 2050 नशीले इंजेक्शन, एक पिस्टल और 9 जिंदा कारतूस बरामद किए। इस बरामदगी से साफ है कि गिरोह न केवल नशे के अवैध कारोबार में संलिप्त था, बल्कि हथियार भी रखता था, जिससे किसी बड़ी आपराधिक साजिश की आशंका से इनकार नहीं किया जा सकता। इस संबंध में परिचय कुमार, नगर पुलिस अधीक्षक (पूर्वी) परिचय कुमार ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ की जा रही है और पूरे नेटवर्क का पता लगाने के लिए जांच तेज कर दी गई है। उन्होंने कहा कि शहर में नशे के कारोबार को किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। पुलिस ने आम जनता से भी अपील की है कि वे नशे से जुड़े किसी भी तरह की गतिविधि की सूचना तुरंत दें, ताकि ऐसे अवैध कारोबार पर समय रहते रोक लगाई जा सके। संतोष झा-०४ अप्रैल/२०२६/ईएमएस