क्षेत्रीय
04-Apr-2026
...


गुना (ईएमएस)। जिले के मृगवास थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम कागलियापुरा में शनिवार सुबह उस वक्त सनसनी फैल गई, जब एक सनकी युवक ने खेत पर बैठे ग्रामीण की कुल्हाड़ी मारकर नृशंस हत्या कर दी। हमला इतना घातक था कि गर्दन और सिर पर वार होते ही युवक ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। वारदात के बाद भाग रहे आरोपी ने पुलिस टीम पर पथराव भी किया, लेकिन जवानों ने सूझबूझ दिखाते हुए उसे चारों तरफ से घेरकर गिरफ्तार कर लिया। मोबाइल चलाते समय पीछे से हुआ कातिलाना हमला प्राप्त जानकारी के अनुसार, शनिवार सुबह करीब 9 बजे 36 वर्षीय दीवान सिंह भील पुत्र अमरचंद अपने महुआ वाले खेत पर बैठकर मोबाइल चला रहे थे। वे अपने काम में मग्न थे, तभी गांव का ही दिनेश भील पुत्र जमनालाल कुल्हाड़ी लेकर वहां पहुंचा। इससे पहले कि दीवान सिंह कुछ समझ पाते, दिनेश ने पीछे से उनके सिर और गर्दन पर कुल्हाड़ी से ताबड़तोड़ प्रहार कर दिए। अत्यधिक रक्तस्राव होने के कारण दीवान सिंह की घटनास्थल पर ही दर्दनाक मौत हो गई। खेतों में पुलिस से लुका-छिपी और गिरफ्तारी घटना की खबर फैलते ही गांव में हडक़ंप मच गया। सूचना मिलते ही मृगवास थाना प्रभारी सुरेश कुशवाह दल-बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस को देखते ही आरोपी पास के खेतों की ओर भागने लगा। जब पुलिस ने उसे घेरा, तो आरोपी ने बचाव में पुलिस पर पथराव शुरू कर दिया। हालांकि, पुलिस ने घेराबंदी कर काफी मशक्कत के बाद आरोपी दिनेश को काबू में कर लिया। ग्रामीणों के अनुसार, आरोपी पिछले कुछ समय से मानसिक रूप से अस्वस्थ चल रहा है और पूर्व में भी कई लोगों से विवाद कर चुका है। भारी पुलिस बल तैनात, जांच जारी वारदात की गंभीरता को देखते हुए एसडीओपी मनोज झा, तहसीलदार सुनील वर्मा सहित कुंभराज और चाचौड़ा थानों का अतिरिक्त पुलिस बल कागलियापुरा पहुंचा। पुलिस ने शव का पंचनामा बनाकर पोस्टमार्टम कराया और उसे परिजनों के सुपुर्द कर दिया है। प्राथमिक जांच में हत्या का कोई ठोस कारण सामने नहीं आया है, क्योंकि मृतक और आरोपी एक ही परिवार से संबंधित थे और उनके बीच कोई पुराना विवाद भी नहीं था। फिलहाल पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है और गांव में एहतियातन सुरक्षा बल तैनात किया गया है। - सीताराम नाटानी