दरभंगा, (ईएमएस)। बिहार के दरभंगा जिले में अवैध शराब के निर्माण, भंडारण, सेवन और परिवहन पर पूरी तरह अंकुश लगाने के लिए पुलिस लगातार सक्रिय नजर आ रही है। इसी कड़ी में दरभंगा पुलिस ने एक बड़ी कार्रवाई करते हुए भारी मात्रा में शराब जब्त की है। पुलिस को मिली गुप्त सूचना के आधार पर भालपट्टी थाना क्षेत्र में छापेमारी की गई। इस दौरान पुलिस ने कुल 608.04 लीटर विदेशी शराब और 44.665 लीटर देशी शराब बरामद की। यह कार्रवाई भालपट्टी थाना पुलिस द्वारा सुनियोजित तरीके से की गई। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, क्षेत्र में अवैध शराब के कारोबार को जड़ से खत्म करने के लिए लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इस तरह की कार्रवाई से शराब तस्करों में हड़कंप मच गया है और अवैध कारोबार पर प्रभावी नियंत्रण की दिशा में यह एक अहम कदम माना जा रहा है। दरभंगा पुलिस ने स्पष्ट किया है कि शराबबंदी कानून का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। साथ ही आम लोगों से भी अपील की गई है कि वे किसी भी तरह की अवैध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें, ताकि समय रहते कार्रवाई की जा सके। इस अभियान के तहत आने वाले दिनों में भी छापेमारी और निगरानी को और तेज करने की योजना है, जिससे जिले में कानून व्यवस्था को और मजबूत किया जा सके। संतोष झा-०४ अप्रैल/२०२६/ईएमएस