-नासा ने शेयर की आर्टेमिस-2 के क्रू की ली तस्वीर, चांद की ओर बढ़े एस्ट्रोनॉट वॉशिंगटन,(ईएमएस)। अमेरिकी स्पेस एजेंसी नासा ने पृथ्वी की हाई-रिजॉल्यूशन वाली तस्वीरें शेयर की हैं। यह तस्वीर नासा के आर्टेमिस-2 के क्रू ने ली थी, जब वे चांद की ओर अपनी यात्रा पर निकले थे। इस तस्वीर को देखकर लोग दीवाने हो रहे हैं। नासा ने एक्स पर अपने आधिकारिक अर्थ अकाउंट से इस तस्वीर को पोस्ट किया और कैप्शन में लिखा- डेट्स-अप! मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक नासा ने बताया कि ये तस्वीरें आर्टेमिस-2 मिशन के कमांडर रीड वाइजमैन ने उस समय लीं, जब क्रू ने इंजन का आखिरी बर्न पूरा कर लिया। इस तस्वीर में पृथ्वी अंतरिक्ष के गहरे अंधेरे के बीच एक चमकते हुए नीले गोले की तरह दिखाई देती है। एक तस्वीर में अटलांटिक महासागर का विशाल नीली तस्वीर दिखाई देती है। इसके चारों ओर वायुमंडल की एक पतली चमक है और दोनों ध्रवों पर हरी-हरी ऑरोरा दिखाई देती है। तस्वीर में पृथ्वी हमें उल्टी दिखाई देती है, जिसमें पश्चिमी सहारा और दक्षिण अमेरिका का पूर्वी हिस्सा दाईं ओर दिखाई देता है। ये तस्वीरें तब ली गईं, जब क्रू ने शुक्रवार सुबह ट्रांस-लूनर इंजेक्शन बर्न पूरा कर लिया। इस बर्न की मदद से ओरियन अंतरिक्ष यान पृथ्वी की कक्षा से बाहर निकल गया। चार अंतरिक्ष यात्रियों को लेकर यह अंतरिक्ष यान चंद्रमा की तरफ बढ़ रहा है। नासा का आर्टेमिस-2 अब एक लूप वाले रास्ते पर है, जो क्रू को चांद के दूसरी तरफ ले जाकर वापस ले आएगा। बता दें 1972 के अपोलो मिशन के बाद यह पहली बार है, जब इंसान पृथ्वी की कक्षा से बाहर गए हैं। तय शेड्यूल के मुताबिक 6 अप्रैल को आर्टेमिस-2 6 अप्रैल को चांद के दूसरी तरफ से गुजरेगा और 10 अप्रैल को पृथ्वी पर लौटेगा। नासा की पोस्ट खूब पसंद की जा रही है। कुछ ही घंटों में इस पोस्ट को 55 लाख से ज्यादा व्यूज और 2 लाख से ज्यादा लाइक मिल चुके हैं। यूजर कमेंट में इसकी खूब तारीफ कर रहे हैं। एक यूजर ने लिखा- मैं सचमुच एक पूरे मिनट के लिए स्क्रॉल करना भूल गया और बस इसे ही देखता रहा। सिराज/ईएमएस 05 अप्रैल 2026