ज़रा हटके
05-Apr-2026
...


नई दिल्ली (ईएमएस)। हमारे देश के हर राज्य के अलग-अलग स्वाद और व्यंजनों की एक अलग पहचान है। भारत का स्ट्रीट फूड दुनिया भर में मशहूर है। किफायती होने के साथ-साथ ये फूड्स स्वाद के मामले में महंगे रेस्टोरेंट को भी कड़ी टक्कर देते हैं। कई लोग इस वजह से इसे खाने से बचते हैं, क्योंकि इसमें इस्तेमाल होने वाले पानी और सामग्री की शुद्धता पर सवाल उठते हैं। इसके बावजूद स्ट्रीट फूड की लोकप्रियता में कोई कमी नहीं आई है। विशेषज्ञों का मानना है कि अगर कुछ जरूरी बातों का ध्यान रखा जाए, जैसे साफ-सुथरी जगह का चयन और ताजी सामग्री का उपयोग, तो स्ट्रीट फूड को भी हेल्दी डाइट का हिस्सा बनाया जा सकता है। दिल्ली के एक जाने-माने हार्ट स्पेशलिस्ट का कहना है कि पौष्टिक भोजन के लिए हमेशा ज्यादा पैसे खर्च करना जरूरी नहीं होता। उन्होंने बताया कि भारत के कई पारंपरिक स्ट्रीट फूड ऐसे हैं, जो तले-भुने और प्रोसेस्ड फूड्स के मुकाबले कहीं ज्यादा सेहतमंद होते हैं। उनके अनुसार, “सही खाना महंगा नहीं, बल्कि समझदारी से चुना हुआ होना चाहिए।” कुछ स्ट्रीट फूड ऐसे हैं जिन्हें सही तरीके से खाया जाए तो वे शरीर के लिए फायदेमंद साबित हो सकते हैं। जैसे भुना चना प्रोटीन का अच्छा स्रोत है और खासकर शाकाहारियों के लिए बेहतरीन विकल्प माना जाता है। यह वजन संतुलित रखने और पाचन को बेहतर बनाने में मदद करता है। वहीं भेल पुरी अगर कम नमकीन और हल्के मसालों के साथ खाई जाए तो यह कम फैट और ज्यादा फाइबर वाला हल्का नाश्ता बन सकता है, जो पेट भरने के साथ ओवरईटिंग से बचाता है। इसी तरह भुना मकई फाइबर और एंटीऑक्सीडेंट से भरपूर होता है और दिल के लिए फायदेमंद माना जाता है। शकरकंद धीरे-धीरे ऊर्जा देने वाला पोषक स्नैक है, जो पाचन के लिए अच्छा होता है। सुदामा/ईएमएस 05 अप्रैल 2026