क्षेत्रीय
06-Apr-2026


-रैली को हरी झंडी दिखाकर रवाना करती नगर पालिका अध्यक्ष श्वेता चौधरी हाथरस (ईएमएस)। शहर में ‘स्कूल चलो अभियान’ के तहत एक जागरूकता रैली का आयोजन किया गया। रैली को नगर पालिका अध्यक्ष श्वेता चौधरी ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इसमें बड़ी संख्या में स्कूली बच्चों ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए शिक्षा के प्रति जागरूकता का संदेश दिया।रैली इंदिरा गांधी मेमोरियल स्कूल से शुरू होकर शहर के प्रमुख मार्गों से गुजरी। बच्चों ने हाथों में स्लोगन लिखी तख्तियां लेकर लोगों को शिक्षा के महत्व के प्रति जागरूक किया। पूरे मार्ग में बच्चों का उत्साह देखते ही बन रहा था।इस अवसर पर नगर पालिका अध्यक्ष श्वेता चौधरी ने कहा कि शिक्षा समाज और राष्ट्र के विकास की आधारशिला है। उन्होंने अभिभावकों से अपील की कि वे अपने बच्चों को नियमित रूप से स्कूल भेजें और उन्हें शिक्षा से वंचित न रखें। उन्होंने यह भी बताया कि यह अभियान प्रदेश सरकार और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की प्रेरणा से संचालित किया जा रहा है।रैली का मुख्य उद्देश्य ऐसे बच्चों को भी स्कूल से जोड़ना था, जो किसी कारणवश शिक्षा से दूर हैं। कार्यक्रम में शिक्षकों और अभिभावकों की भी सक्रिय भागीदारी रही।इस पहल के माध्यम से पूरे शहर में सकारात्मक संदेश देने का प्रयास किया गया, जिसे लोगों ने सराहा। ईएमएस/नीरज चक्रपाणी/ 06 अप्रैल 2026