क्षेत्रीय
06-Apr-2026
...


दरभंगा, (ईएमएस)। दरभंगा प्रमंडल के आयुक्त हिमांशु कुमार राय की अध्यक्षता में सोमवार को प्रमंडलीय सभागार, दरभंगा में जल संसाधन विभाग एवं जिला में सिंचाई सृजन को लेकर विस्तृत समीक्षा बैठक आयोजित की गई। दरभंगा प्रमंडल के अंतर्गत आने वाले तीनों जिलों के अधीक्षण अभियंता एवं कार्यपालक अभियंताओं ने भाग लिये। बैठक की शुरुआत सिंचाई व्यवस्था की समीक्षा से हुई, जिसमें आयुक्त महोदय ने सभी अधीक्षण अभियंताओं को नहरों (कैनाल) की नियमित साफ-सफाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि नहरों में जहां भी किसी प्रकार की समस्या हो, उसका त्वरित मरम्मत कराया जाए ताकि प्रत्येक खेत तक पानी की उपलब्धता सुनिश्चित हो सके। आयुक्त महोदय ने नहर निर्माण कार्यों की प्रगति की भी समीक्षा की तथा संबंधित अभियंताओं को कार्यों का सतत अनुश्रवण करने का निर्देश दिया। उन्होंने स्पष्ट कहा कि किसानों के हर खेत तक सिंचाई सुविधा पहुंचाना संबंधित विभाग की प्राथमिक जिम्मेदारी है। बैठक में सिंचित एवं असिंचित भूमि के अद्यतन आंकड़ों की उपलब्धता सुनिश्चित करने का भी निर्देश दिया गया, ताकि योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन किया जा सके। इसके अतिरिक्त, आयुक्त महोदय ने जल संसाधन विभाग द्वारा संचालित योजनाओं की विस्तृत समीक्षा करते हुए तीनों जिलों के बाढ़ नियंत्रण प्रमंडल के अधीक्षण अभियंताओं को सभी योजनाओं का योजना-वार प्रतिवेदन शीघ्र उपलब्ध कराने का निर्देश दिया। उन्होंने माननीय मुख्यमंत्री, बिहार की प्रगति यात्रा के दौरान घोषित एवं स्वीकृत योजनाओं के त्वरित क्रियान्वयन पर विशेष बल दिया। बाढ़ की संभावित स्थिति को ध्यान में रखते हुए आयुक्त महोदय ने सभी संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया कि तटबंधों एवं बांधों की नियमित जांच के लिए टीम गठित की जाए। विशेष रूप से तटबंधों में किसी प्रकार के बिल (होल) की पहचान कर समय पर मरम्मत सुनिश्चित की जाए,ताकि बाढ़ के दौरान किसी भी प्रकार की क्षति न हो सके। उन्होंने सभी तैयारियां बाढ़ से पूर्व पूर्ण करने को कहा तथा अधीक्षण अभियंताओं को स्वयं स्थल निरीक्षण करने का निर्देश दिया। बैठक में क्षेत्रीय विकास पदाधिकारी आकाश ऐश्वर्य, दरभंगा प्रमंडल के विभिन्न विभागों के अधीक्षण अभियंता, कार्यपालक अभियंता एवं अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित थे। ‎संतोष झा-०६ अप्रैल/२०२६/ईएमएस