क्षेत्रीय
06-Apr-2026


बक्सर, (ईएमएस)। बिहार के बक्सर जिले के नगर थाना क्षेत्र में हुए अपहरण के एक मामले का पुलिस ने महज 6 घंटे के भीतर खुलासा करते हुए अपहृत युवक को सकुशल बरामद कर लिया है। इस दौरान घटना में शामिल तीन आरोपियों को भी गिरफ्तार कर लिया गया है, जबकि अन्य की तलाश जारी है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, दिनांक 05 अप्रैल को रामबाबू यादव ने नगर थाने में लिखित आवेदन देकर सूचना दी कि उनके भतीजे रितेश कुमार उर्फ मनीष कुमार का अज्ञात अपराधियों द्वारा अपहरण कर लिया गया है। बताया गया कि युवक बक्सर श्मशान घाट से लौट रहा था, तभी नाथबाबा मंदिर के समीप कुछ बदमाशों ने उसे जबरन मोटरसाइकिल पर बैठाकर अगवा कर लिया। घटना के कुछ समय बाद अपहर्ताओं ने फोन कर परिजनों से फिरौती की मांग भी की, जिससे इलाके में सनसनी फैल गई। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस प्रशासन तुरंत सक्रिय हो गया और एक विशेष टीम का गठन किया गया। गठित टीम ने मानवीय एवं तकनीकी साक्ष्यों का सहारा लेते हुए त्वरित कार्रवाई शुरू की। पुलिस ने संदिग्ध ठिकानों पर लगातार छापेमारी की, जिसके परिणामस्वरूप औद्योगिक थाना क्षेत्र से तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया। साथ ही अपहृत युवक को भी सुरक्षित बरामद कर लिया गया। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, इस कार्रवाई में आधुनिक तकनीक और सूचनाओं के सटीक विश्लेषण का अहम योगदान रहा। गिरफ्त में आए आरोपियों से पूछताछ जारी है, जिससे घटना में शामिल अन्य अपराधियों के बारे में जानकारी जुटाई जा रही है। पुलिस ने बताया कि फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है और जल्द ही उन्हें भी पकड़ लिया जाएगा। इस त्वरित कार्रवाई के बाद स्थानीय लोगों ने पुलिस की सराहना की है। वहीं, इस घटना ने एक बार फिर जिले में कानून-व्यवस्था और सुरक्षा को लेकर सवाल भी खड़े कर दिए हैं। ‎संतोष झा-०६ अप्रैल/२०२६/ईएमएस