क्षेत्रीय
06-Apr-2026
...


दरभंगा, (ईएमएस)। बिहार माध्यमिक परीक्षा 2026 में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर राज्य एवं जिला स्तर पर उत्कृष्ट स्थान प्राप्त करने वाले मेधावी छात्र-छात्राओं को सोमवार को दरभंगा के जिलाधिकारी कौशल कुमार ने सम्मानित किया। उन्होंने विद्यार्थियों को भविष्य में उच्चतम उच्चतम पद प्राप्त करने के लिए उत्साहित किए। जिलाधिकारी ने अपने कार्यालय प्रकोष्ठ में आयोजित कार्यक्रम में सभी सफल विद्यार्थियों को प्रशस्ति पत्र , मोमेंटो आदि प्रदान कर उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। इस अवसर पर जिलाधिकारी ने छात्र-छात्राओं के अभिभावकों को भी पुष्प गुच्छ देकर भी सम्मानित किया तथा उनके योगदान की सराहना की। उन्होंने कहा कि बच्चों की सफलता में अभिभावकों की महत्वपूर्ण भूमिका होती है,जो उन्हें सही दिशा और प्रेरणा प्रदान करते हैं। जिलाधिकारी ने कहा कि सफलता निरंतर परिश्रम, अनुशासन एवं लक्ष्य के प्रति समर्पण से ही प्राप्त होती है। उन्होंने सभी विद्यार्थियों को प्रेरित करते हुए कहा कि वे अपने लक्ष्य के प्रति सजग रहें और आगे भी पूरी लगन एवं कड़ी मेहनत के साथ अध्ययन करते रहें सफलता अवश्य मिलेगी। कार्यक्रम के दौरान छात्र-छात्राओं ने अपने भविष्य के लक्ष्यों के बारे में भी जानकारी दी, जिसमें उन्होंने आईएएस, इंजीनियर एवं डॉक्टर बनने की इच्छा व्यक्त की। उल्लेखनीय है कि जिला स्तर पर प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले छात्र प्रशांत कुमार मिश्रा (उत्क्रमित मध्य विद्यालय, बिहारी राढ़ी, जाले), द्वितीय स्थान प्राप्त करने वाली छात्रा कंचन कुमारी (प्लस टू ओंकार उच्च विद्यालय, सुपौल बाजार, बिरौल) एवं तृतीय स्थान प्राप्त करने वाली छात्रा खदीजाह परवीन (नव उत्क्रमित मध्य विद्यालय, कन्हैय उर्दू, गौड़ाबौराम) शामिल हैं। इस अवसर पर सहायक समाहर्ता के.परीक्षित,जिला शिक्षा पदाधिकारी एवं अन्य संबंधित पदाधिकारीगण उपस्थित थे। ‎संतोष झा-०६ अप्रैल/२०२६/ईएमएस