मुंबई (ईएमएस)। बॉलीवुड की अपकमिंग फिल्म ‘डकैत: एक प्रेम कथा’ का हिंदी ट्रेलर रिलीज हो गया है। अभिनेत्री मृणाल ठाकुर और अदिवि शेष की मच-अवेटेड यह फिल्म सिर्फ एक लव स्टोरी नहीं, बल्कि बदले की एक खौफनाक दास्तां है। ट्रेलर की शुरुआत काफी खूबसूरत दिखती है, जहां मृणाल और अदिवि का रोमांस, उनके साथ जीने-मरने के वादे और एक छोटे से परिवार का सपना दिखाया गया है। लेकिन कहानी में मोड़ तब आता है, जब अचानक सब कुछ बिखर जाता है। हीरो यानी हरि (अदिवि शेष) खुद को जेल की सलाखों के पीछे पाता है और सबसे बड़ा झटका उसे तब लगता है, जब उसकी अपनी प्रेमिका ही कोर्ट में उसके खिलाफ गवाही दे देती है। बेगुनाह होने के बावजूद हरि को सजा काटनी पड़ती है और यहीं से उसके मन में प्यार की जगह नफरत और बदले की आग सुलगने लगती है। जेल से बाहर आने के बाद हरि का एक ही मकसद है- अपनी प्रेमिका से उस धोखे का हिसाब लेना। कहानी में एक बड़ा ट्विस्ट तब आता है, जब पता चलता है कि मृणाल किरदार में एक बच्ची की मां बन चुकी है और हरि इस सच्चाई से पूरी तरह अनजान है। वह मृणाल को भी उसी अंधेरे रास्ते पर घसीटना चाहता है, जहां उसने अपनी जिंदगी बर्बाद की। ट्रेलर में दिखाया गया है कि कैसे वह मृणाल को मजबूर करता है कि वह उसके साथ मिलकर चोरियां करे और अपराध की दुनिया का हिस्सा बने। फिल्म में एक्शन के साथ-साथ एक बहुत ही ‘इंटेंस’ और डार्क रोमांस पेश किया गया है, जो दर्शकों को यह सोचने पर मजबूर कर देता है कि क्या प्यार वाकई इतना खतरनाक हो सकता है कि इंसान डकैत बन जाए। फिल्म को शेनिल देव ने डायरेक्ट किया है, जो इस फिल्म के जरिए निर्देशन की दुनिया में अपना पहला कदम रख रहे हैं। कमाल की बात यह है कि फिल्म की स्क्रिप्ट खुद अदिवि शेष और शेनिल ने मिलकर लिखी है। फिल्म में बॉलीवुड के मशहूर डायरेक्टर अनुराग कश्यप भी एक पुलिस ऑफिसर के रोल में नजर आएंगे, जो उनके टॉलीवुड करियर की शुरुआत है। उनके साथ ही दिग्गज एक्टर प्रकाश राज भी फिल्म में जान फूंकते दिखेंगे। सुदामा/ईएमएस 07 अप्रैल 2026