क्षेत्रीय
07-Apr-2026
...


- कॉलेज गेट पर नारेबाजी कर जताई नाराजगी गुना (ईएमएस)। भारतीय राष्ट्रीय छात्र संगठन के बैनर तले सोमवार को बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं ने पीजी कॉलेज (प्रधानमंत्री कॉलेज ऑफ एक्सीलेंस) की विभिन्न ज्वलंत समस्याओं को लेकर जोरदार प्रदर्शन किया। एनएसयूआई के जिला अध्यक्ष फलेशुराज सिंह सिसौदिया के नेतृत्व में छात्र कार्यकर्ता नारेबाजी करते हुए कॉलेज परिसर पहुंचे और प्राचार्य को पांच सूत्रीय मांगों का ज्ञापन सौंपा। संगठन ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द ही छात्रों की बुनियादी सुविधाओं और सुरक्षा से जुड़ी इन समस्याओं का समाधान नहीं किया गया, तो उग्र आंदोलन किया जाएगा। एनएसयूआई द्वारा सौंपे गए ज्ञापन में सबसे प्रमुख मुद्दा कॉलेज के सामने मुख्य सडक़ पर होने वाली दुर्घटनाओं का उठाया गया है। जिला अध्यक्ष फलेशुराज सिंह ने बताया कि कॉलेज के सामने से निकलने वाली सडक़ पर वाहनों की गति अत्यधिक रहती है, जिससे परिसर से बाहर निकलने वाले छात्र-छात्राओं के साथ हमेशा हादसे का डर बना रहता है। संगठन ने मांग की है कि कॉलेज के दोनों ओर ऊंचे स्पीड ब्रेकर्स का निर्माण कराया जाए। इसके साथ ही कॉलेज परिसर और शौचालयों में व्याप्त गंदगी पर भी गहरी नाराजगी व्यक्त की गई। कार्यकर्ताओं का कहना है कि शौचालयों की नियमित सफाई नहीं होने से छात्रों को भारी असुविधा का सामना करना पड़ता है, इसलिए कर्मचारियों को सख्त निर्देश देकर स्वच्छता सुनिश्चित की जाए। ज्ञापन में छात्रों की अन्य महत्वपूर्ण मांगों को भी शामिल किया गया है, जिसमें विशेष रूप से प्रथम वर्ष के नवागत छात्रों के लिए छात्र सहायता केंद्र शुरू करने की बात कही गई है। संगठन का तर्क है कि नए छात्रों को विभागों और फॉर्म जमा करने की सही जानकारी नहीं मिल पाती, जिससे वे परेशान होते हैं। इसके अतिरिक्त, कॉलेज के मुख्य द्वार पर अव्यवस्थित तरीके से खड़े होने वाले वाहनों और बसों को हटाने तथा केवल निर्धारित पार्किंग में ही वाहन खड़े करवाने की मांग की गई है। इस दौरान बड़ी संख्या में छात्र नेता और कार्यकर्ता उपस्थित रहे, जिन्होंने कॉलेज प्रशासन से जल्द से जल्द इन मांगों पर प्रभावी कार्यवाही करने की अपील की है। - सीताराम नाटानी