क्षेत्रीय
07-Apr-2026
...


जांजगीर(ईएमएस)। प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश जयदीप गर्ग ने पदभार ग्रहण करने के बाद जिले की सभी तालुकाओं में निर्माणाधीन नवीन न्यायालय परिसरों का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने भवनों की संरचनात्मक मजबूती, सुरक्षा मानकों, अग्निशमन व्यवस्था और निर्माण कार्य की प्रगति का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान न्यायाधीश ने कंक्रीट की गुणवत्ता के साथ-साथ न्यायालय भवनों में लगाए जा रहे विद्युत तारों की गुणवत्ता की भी बारीकी से जांच की। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि निर्माण कार्य में सभी तकनीकी मानकों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित किया जाए, ताकि भविष्य में किसी प्रकार की समस्या न हो। इसके साथ ही 9 मई को आयोजित होने वाली द्वितीय नेशनल लोक अदालत को लेकर भी सभी विभागों के साथ समीक्षा बैठक की गई। न्यायाधीश ने समस्त थानों में पदस्थ पैरालीगल वालंटियर को निर्देशित किया कि जिले की सभी ग्राम पंचायतों, नगर पालिकाओं और नगर पंचायतों में नेशनल लोक अदालत का व्यापक प्रचार-प्रसार किया जाए और मुनादी कराई जाए। उन्होंने कहा कि अधिक से अधिक लोगों तक इस व्यवस्था की जानकारी पहुंचे, ताकि आमजन इसका लाभ उठाकर अपने मामलों का त्वरित और सुलह के माध्यम से निपटारा कर सकें। सत्यप्रकाश(ईएमएस)07 अप्रैल 2026