क्षेत्रीय
07-Apr-2026
...


-आरोपी, 20 लाख की संपत्ति जब्त जांजगीर-चांपा(ईएमएस)। जिले की अकलतरा पुलिस ने किसानों से ठगी के एक बड़े मामले का पर्दाफाश करते हुए एक शातिर आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी ट्रैक्टर-ट्रॉली किराए पर लेकर जाली दस्तावेजों के जरिए उन्हें बेच देता था। पुलिस ने उसके पास से करीब 20 लाख रुपये कीमत के 4 ट्रैक्टर इंजन और एक ट्रॉली जब्त की है। पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपी अनुराग दास महंत (34 वर्ष) नैला का निवासी है, जो फिलहाल बिलासपुर के पावर हाउस क्षेत्र में रह रहा था। वह ग्रामीण इलाकों में किसानों को निशाना बनाकर ठगी करता था। आरोपी बड़े काम का झांसा देकर किसानों से ट्रैक्टर किराए पर लेता और अधिक किराया देने का लालच देकर उनका भरोसा जीत लेता था। ट्रैक्टर मिलने के बाद आरोपी जाली शपथ पत्र तैयार कर खुद को वाहन का मालिक बताता और उसे किसी तीसरे व्यक्ति को बेच देता था। सौदा पूरा होते ही वह मोबाइल बंद कर फरार हो जाता था। परसाही नाला निवासी किसान विनोद कुमार खुसरो की शिकायत पर इस पूरे मामले का खुलासा हुआ। उन्होंने बताया कि आरोपी काम के बहाने उनका ट्रैक्टर-ट्रॉली किराए पर ले गया था, लेकिन तय समय के बाद भी वाहन वापस नहीं किया और बाद में संपर्क से बाहर हो गया। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को घेराबंदी कर गिरफ्तार किया। पूछताछ में आरोपी ने अकलतरा के अलावा पामगढ़ और नैला क्षेत्र के कई किसानों से इसी तरह ठगी करना स्वीकार किया है। फिलहाल पुलिस मामले की आगे जांच कर रही है और अन्य संभावित पीड़ितों की भी जानकारी जुटाई जा रही है। सत्यप्रकाश(ईएमएस)07 अप्रैल 2026