क्षेत्रीय
07-Apr-2026
...


इन्दौर (ईएमएस) राज्य आर्थिक अपराध प्रकोष्ठ (ईओडब्ल्यू) इंदौर ने एक ट्रैप कार्रवाई आयोजित कर आठ हजार रुपए की रिश्वत लेते सांवेर पंचायत सचिव अशोक सोलंकी को रंगेहाथों गिरफ्तार किया। सोलंकी यह रिश्वत की राशि एक मजदूर के बेटे मोहित से मकान निर्माण स्वीकृति हेतु मांगी गई पच्चीस हजार की राशि की पहली किश्त के रूप में ले रहा था। ईओडब्ल्यू एसपी रामेश्वर सिंह यादव के अनुसार मोहित ने ईओडब्ल्यू इंदौर को शिकायत दर्ज कराते बताया था कि वह गरीब परिवार से है। उसके पिता ने ग्राम बजरंग पालिया स्थित डॉल्फिन सिटी में एक ईडब्ल्यूएस श्रेणीं में चार सौ स्क्वेयर फीट का प्लाट अपनी मजदूरी की कमाई से खरीदा था। जिस पर आवास निर्माण अनुमति हेतु उसने जिला पंचायत इंदौर में आवेदन दिया था जो कि आवश्यक कार्रवाई हेतु पंचायत पंचायत सचिव अशोक सोलंकी तहसील सांवेर के पास भेजा गया था। उन्होंने निर्माण स्वीकृति हेतु 25 हजार रुपए की रिश्वत की मांग कर दी। शिकायत सत्यापन में रिश्वत की मांग की पुष्टि होने पर योजनाबद्ध से आरोपी पंचायत सचिव सोलंकी के विरुद्ध कार्रवाई करने के लिए डीएसपी नंदनी शर्मा के नेतृत्व में निरीक्षक योगेश सिसौदिया, संजय द्विवेदी के साथ टीम को सांवेर भेजा। इसके पहले रिश्वत की राशि की पहली किस्त आठ हजार रुपए लेने के लिए पंचायत सचिव सोलंकी के साथ मोहित का मगरखेड़ा में मिलना तय हो चुका था। वहां पहुंचकर मोहित ने योजनानुसार सोलंकी को आठ हजार रुपए दिए और इशारा कर दिया। इशारा मिलते ही आसपास तैनात ईओडब्ल्यू की टीम ने राशि के साथ उसे हिरासत में ले उसके खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत केस दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है। - आनंद पुरोहित/ 07 अप्रैल 2026