बिलासपुर (ईएमएस)। कोनी स्थित रिवर व्यू कॉलोनी में लंबे समय से मूलभूत सुविधाओं की कमी से जूझ रहे रहवासियों को अब राहत मिलने की उम्मीद जगी है। कॉलोनी में पानी और बिजली की समस्या लगातार बनी हुई थी, जिससे लोगों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा था। स्थानीय निवासियों का आरोप है कि पूर्व सचिव और पदाधिकारियों ने समस्याओं की ओर ध्यान नहीं दिया। कई बार शिकायत करने के बावजूद समाधान नहीं होने से रहवासियों में नाराजगी बढ़ती गई। इसके अलावा कॉलोनी का मुख्य गार्डन, जहां बच्चे खेलते थे, उसे भी बंद कर दिया गया, जिससे बच्चों को सडक़ों पर खेलने को मजबूर होना पड़ रहा था और उनकी सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई थी। स्थिति को देखते हुए कॉलोनीवासियों ने सहायक पंजीयक कार्यालय में शिकायत दर्ज कराई। जांच के बाद पूर्व चुनाव को निरस्त कर पुराने पदाधिकारियों को अवैध घोषित कर दिया गया। इसके बाद नई चुनाव प्रक्रिया शुरू की गई, जो निर्वाचन पर्यवेक्षक रामगोपाल तिवारी और निर्वाचन अधिकारी तरुण साहू की उपस्थिति में संपन्न हुई। चुनाव में सभी पदों पर निर्विरोध चयन हुआ। बद्री प्रसाद चंद्रा को अध्यक्ष, सरोज सिंह को उपाध्यक्ष, श्रीकांत सिंह ठाकुर को सचिव, चंद्रकुमार साहू को संयुक्त सचिव और सुरेश यादव को कोषाध्यक्ष चुना गया। इसके साथ ही समस सिंह गोंड और गिरीश कुमार सक्सेना को कार्यकारिणी सदस्य बनाया गया। नव निर्वाचित टीम ने भरोसा दिलाया है कि पानी, बिजली और अन्य समस्याओं को प्राथमिकता के आधार पर जल्द दूर किया जाएगा, जिससे कॉलोनीवासियों को राहत मिल सके। मनोज राज 07 अप्रैल 2026