सारंगढ़-बिलाईगढ़(ईएमएस)। जिले की सरसींवा पुलिस ने कूटरचित दस्तावेजों के जरिए बैंक खातों से लाखों रुपये की ठगी करने वाले अंतरजिला गिरोह का भंडाफोड़ करते हुए तीन मुख्य आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों ने बैंक कर्मियों से मिलीभगत कर होल्ड खातों को फर्जी तरीके से अनहोल्ड कराया और रकम निकाल ली। पुलिस के मुताबिक गिरफ्तार आरोपियों में रायकोना निवासी शिवा साहू, पारसनाथ साहू और सूर्यकांत साहू शामिल हैं। तीनों लंबे समय से फरार चल रहे थे, जिन्हें सरसींवा पुलिस ने घेराबंदी कर पकड़ा। जांच में खुलासा हुआ कि आरोपियों ने अलग-अलग खातों से करीब 31 लाख रुपये की ठगी की, जिसमें 21 लाख और 10.34 लाख रुपये की निकासी शामिल है। यह मामला 25 दिसंबर 2025 को एचडीएफसी बैंक बिलाईगढ़ और सारंगढ़ बैंक प्रबंधन की शिकायत पर दर्ज किया गया था। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से इनोवा और सेलेरियो कार, जावा मोटरसाइकिल, एक्टिवा स्कूटी, लैपटॉप, प्रिंटर और मोबाइल फोन सहित करीब 40 लाख रुपये मूल्य की सामग्री जब्त की है। पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में सरसींवा पुलिस टीम ने लंबे समय से फरार आरोपियों को पकड़ने में सफलता हासिल की। सभी आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है। सत्यप्रकाश(ईएमएस)07 अप्रैल 2026