गुना (ईएमएस)। जिले में शैक्षणिक संस्थानों में व्याप्त अनियमितताओं को लेकर मंगलवार को अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (अभाविप) के कार्यकर्ताओं ने प्रदर्शन किया। इस दौरान पहले नारेबाजी कर विरोध जताया गया, उसके बाद कार्यकर्ताओं ने पीजी कॉलेज पहुंचकर प्राचार्य को ज्ञापन सौंपा और जिला शिक्षा अधिकारी के नाम विभिन्न मांगों पर जल्द कार्रवाई की मांग की। ज्ञापन में अभाविप ने प्रमुख रूप से पुस्तक मेले के आयोजन नहीं होने को मुद्दा उठाया। परिषद का कहना है कि निजी स्कूल चयनित दुकानों से महंगी किताबें खरीदने के लिए अभिभावकों को मजबूर कर रहे हैं, जबकि शासन द्वारा पुस्तक मेले की व्यवस्था की गई थी। इसके बावजूद अब तक इसका आयोजन नहीं होना गंभीर लापरवाही है। परिषद ने मांग की कि जल्द से जल्द पुस्तक मेले का आयोजन सुनिश्चित किया जाए, ताकि अभिभावकों को राहत मिल सके। इसके अलावा अभाविप ने शासकीय और निजी स्कूलों में निरीक्षण की मांग करते हुए कहा कि जो संस्थान निर्धारित मानकों पर खरे नहीं उतरते, उनकी मान्यता रद्द की जाए। ज्ञापन में यह भी आरोप लगाया गया कि कई शासकीय शिक्षक समय पर स्कूल नहीं पहुंचते और नियमित कक्षाएं भी नहीं लेते, जिससे शिक्षा की गुणवत्ता प्रभावित हो रही है। इसका एक कारण कई स्कूलों में स्थायी प्राचार्यों की कमी बताया गया है। अभाविप ने चेतावनी दी कि यदि तय समय सीमा में इन समस्याओं का समाधान नहीं किया गया, तो संगठन उग्र आंदोलन करने को मजबूर होगा।। - सीताराम नाटानी