क्षेत्रीय
07-Apr-2026
...


‎गुना (ईएमएस)। शहर के घोसीपुरा क्षेत्र में रूह कंपा देने वाली वारदात की शिकार हुई 31 वर्षीय दीपा रजक जिंदगी की जंग हार गई। चरित्र शंका और दूसरी महिला से अवैध संबंधों के चलते पति द्वारा जिंदा जलाई गई दीपा ने सोमवार-मंगलवार की दरम्यानी रात भोपाल के अस्पताल में उपचार के दौरान दम तोड़ दिया। करीब 80 प्रतिशत से अधिक झुलस चुकी महिला पिछले दो दिनों से मौत से संघर्ष कर रही थी। इस हृदय विदारक घटना के बाद मृतिका के मायके पक्ष में कोहराम मचा हुआ है, वहीं पुलिस ने अब मामले में हत्या की धाराएं बढ़ाने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। मुख्य आरोपी पति को पुलिस पहले ही गिरफ्तार कर सलाखों के पीछे भेज चुकी है। घटनाक्रम के अनुसार, शनिवार देर रात घोसीपुरा निवासी पवन रजक का अपनी पत्नी दीपा के साथ विवाद हुआ था। परिजनों का आरोप है कि पवन शराब का आदी है और किसी अन्य युवती से फोन पर बात करने को लेकर अक्सर घर में कलह करता था। वारदात वाली रात भी पवन नशे में धुत होकर घर पहुंचा और दीपा के साथ बेरहमी से मारपीट शुरू कर दी। विवाद इतना बढ़ा कि हैवानियत पर उतारू पवन ने घर में रखा डीजल दीपा पर उड़ेल दिया और आग लगा दी। घटना से पहले दीपा ने अपने भाई को फोन कर जान बचाने की गुहार भी लगाई थी, लेकिन जब तक भाई मौके पर पहुंचा, दीपा आग की लपटों में घिर चुकी थी। गंभीर हालत में उसे जिला अस्पताल से भोपाल रेफर किया गया था, जहाँ उसकी मृत्यु हो गई। कैंट थाना पुलिस ने इस मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी पति पवन रजक पुत्र छोटेलाल को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस अधीक्षक श्रीमती हितिका वासल के निर्देशन में पुलिस ने पीड़िता के बयानों और प्राथमिक जांच के आधार पर आरोपी पति सहित ससुर छोटेलाल रजक और देवर के खिलाफ भी मामला दर्ज किया है। बताया जाता है कि आरोपी पवन पहले रेलवे में प्राइवेट काम करता था, लेकिन पिछले एक साल से बेरोजगार था और अक्सर अपनी पत्नी को प्रताड़ित करता था। करीब एक माह पूर्व ही वह सुलह कर दीपा को मायके से विदा कराकर लाया था, लेकिन उसके इरादे कुछ और ही थे। मृत्यु की सूचना मिलने के बाद अब पुलिस इस प्रकरण में दर्ज हत्या के प्रयास के मामले को हत्या में तब्दील कर रही है। मंगलवार को मृतिका का पोस्टमार्टम भोपाल में कराकर शव परिजनों को सौंप दिया गया है। - सीताराम नाटानी