क्षेत्रीय
07-Apr-2026
...


रायपुर(ईएमएस)। रायपुर ग्रामीण पुलिस ने जुआ के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए अभनपुर थाना क्षेत्र में चल रहे हाई-प्रोफाइल जुआ अड्डे का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने खेतों के बीच संचालित इस जुआ अड्डे पर दबिश देकर दो आरोपियों को गिरफ्तार किया, जबकि कई अन्य आरोपी अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गए। जानकारी के मुताबिक पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि रायपुर और धमतरी जिले की सीमा पर ग्राम टोकरो के पास खेतों में जुआ खेला जा रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर डीएसपी नवा रायपुर के नेतृत्व में अभनपुर थाना पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मौके पर छापा मारा। पुलिस टीम को देखते ही मौके पर मौजूद लोग भागने लगे, लेकिन पुलिस ने घेराबंदी कर दो आरोपियों को पकड़ लिया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान राहुल सिंह (34), निवासी सेक्टर-10 भिलाई और रितेश कुमार (36), निवासी आनंद विहार, तेलीबांधा रायपुर के रूप में हुई है। रेड के दौरान पुलिस ने मौके से 6 लाख 34 हजार रुपये नगद, एक लग्जरी मर्सिडीज कार (CG 07 CU 9944), दो आईफोन और ताश की गड्डी जब्त की है। जब्त सामग्री की कुल कीमत करीब 42.14 लाख रुपये आंकी गई है। फिलहाल पुलिस फरार आरोपियों की तलाश में जुटी हुई है और गिरफ्तार आरोपियों के खिलाफ छत्तीसगढ़ जुआ प्रतिषेध अधिनियम के तहत कार्रवाई की जा रही है। सत्यप्रकाश(ईएमएस)07 अप्रैल 2026