क्षेत्रीय
07-Apr-2026
...


- पार्किंग रसीद न देना पड़ा महंगा , जिला अस्पताल की सुरक्षा पर सवाल ‎गुना (ईएमएस)। जिला अस्पताल गुना की सुरक्षा व्यवस्था एक बार फिर सवालों के घेरे में है। गत दोपहर को अस्पताल परिसर से एक और मोटरसाइकिल चोरी होने का मामला सामने आया है। विशेष बात यह है कि पीड़ित से पार्किंग के नाम पर शुल्क तो वसूला गया, लेकिन उसे रसीद नहीं दी गई, जिससे अस्पताल में संचालित पार्किंग स्टैंड की कार्यप्रणाली पर भी गंभीर संदेह पैदा हो रहा है। जानकारी के अनुसार, शिवपुरी जिले की बदरवास तहसील के ग्राम बरई निवासी विनोद कुशवाह पुत्र सुल्तान सिंह की पत्नी जिला अस्पताल के जच्चा खाना (मेटरनिटी वार्ड) में भर्ती हैं। विनोद सोमवार को अपनी पत्नी और नवजात बच्चे की कुशलक्षेम पूछने के लिए अपनी हीरो एचएफ डीलक्स मोटरसाइकिल क्रमांक MP33MP5506 से गुना आए थे। दोपहर करीब 2:30 बजे उन्होंने अस्पताल परिसर में निर्धारित स्थान पर अपनी गाड़ी खड़ी की। विनोद का आरोप है कि वहां मौजूद व्यक्ति ने उनसे पार्किंग शुल्क तो लिया, लेकिन रसीद मांगने पर टालमटोल कर दी। पीड़ित जब करीब डेढ़ घंटे बाद अपनी पत्नी से मिलकर वापस लौटा, तो उसके पैरों तले जमीन खिसक गई। जच्चा वार्ड के सामने खड़ी उसकी मोटरसाइकिल गायब थी। विनोद ने अस्पताल परिसर और आसपास काफी खोजबीन की, लेकिन वाहन का कहीं पता नहीं चला। पीड़ित ने कोतवाली थाने में आवेदन देकर अज्ञात चोर के विरुद्ध मामला दर्ज करने की गुहार लगाई है। साथ ही, अस्पताल परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालने की अनुमति भी मांगी है ताकि चोर की पहचान हो सके। यह मोटरसाइकिल विनोद के भाई पवन कुशवाह के नाम पर आरटीओ शिवपुरी में दर्ज है। जिला अस्पताल जैसी संवेदनशील जगह से दिनदहाड़े वाहन चोरी होने की इस घटना ने दूर-दराज से आने वाले मरीजों के परिजनों में असुरक्षा का भाव पैदा कर दिया है। फिलहाल कोतवाली पुलिस आवेदन के आधार पर मामले की जांच कर रही है। पीड़ित का कहना है कि पार्किंग शुल्क लेने के बावजूद रसीद न देना और वाहन की सुरक्षा न कर पाना प्रबंधन की बड़ी लापरवाही है। ।-सीताराम नाटानी