क्षेत्रीय
07-Apr-2026
...


बस्तर(ईएमएस)। जिले में उर्वरकों की कालाबाजारी और नियमों के उल्लंघन पर जिला प्रशासन ने कड़ा रुख अपनाते हुए सघन कार्रवाई शुरू कर दी है। कलेक्टर आकाश छिकारा के निर्देश पर कृषि विभाग के गुणवत्ता नियंत्रण उड़नदस्ता दल ने विभिन्न क्षेत्रों में खाद विक्रय केंद्रों का औचक निरीक्षण किया, जिसमें कई जगह गंभीर अनियमितताएं सामने आईं। जांच अभियान के दौरान कुल 10 प्रमुख खाद केंद्रों की जांच की गई। रिकॉर्ड में गड़बड़ी और विक्रय नियमों की अनदेखी पाए जाने पर 7 केंद्रों में खाद-बीज की बिक्री पर तत्काल प्रभाव से प्रतिबंध लगा दिया गया है। प्रतिबंधित केंद्रों में बकावंड विकासखंड का जितेंद्र पाणिग्रही कृषि केंद्र (उलनार), शिवाय कृषि केंद्र और सेठिया कृषि केंद्र (जगदलपुर), बस्तर विकासखंड का दीवान कृषि केंद्र (लामकेर), सालेमेटा के बघेल ट्रेडर्स व बघेल कृषि ट्रेडिंग, तथा लोहंडीगुड़ा का रिंटू कृषि केंद्र शामिल हैं। इन संस्थानों में पाई गई खामियों के चलते अगले आदेश तक खाद की बिक्री बंद कर दी गई है। इसके अलावा प्रशासन ने कार्रवाई करते हुए लामकेर स्थित कुंवर और शंकर कृषि केंद्र तथा तारापुर के दक्ष कृषि केंद्र को कारण बताओ नोटिस जारी कर जवाब तलब किया है। कृषि विभाग के उप संचालक ने स्पष्ट किया है कि किसानों को खाद की आपूर्ति में किसी भी तरह की लापरवाही या अनियमितता बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने कहा कि भविष्य में भी ऐसे औचक निरीक्षण जारी रहेंगे, ताकि कालाबाजारी पर पूरी तरह अंकुश लगाया जा सके और किसानों के हित सुरक्षित रह सकें। - सत्यप्रकाश(ईएमएस)07 अप्रैल 2026