क्षेत्रीय
07-Apr-2026
...


रायगढ़(ईएमएस)। मंत्रालय में नौकरी दिलाने का झांसा देकर चार लोगों से लाखों रुपये की ठगी का मामला सामने आया है। आरोपी ने खुद को कृषि मंत्री रामविचार नेताम का बहनोई बताकर विश्वास में लिया और 22 लाख 70 हजार रुपये ठग लिए। मामला सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र का है। जानकारी के मुताबिक पीड़ित समारू राम टंडन (51) की मुलाकात रायपुर में आरोपी राम ठाकुर (60) और उसकी पत्नी सोहद्रा बाई ठाकुर (55) से हुई थी। इस दौरान राम ठाकुर ने खुद को मंत्री का करीबी बताते हुए मंत्रालय में मजबूत पकड़ होने का दावा किया। आरोपी ने पीड़ित के बेटे को डेटा एंट्री ऑपरेटर के पद पर नौकरी दिलाने का भरोसा दिया। इसके अलावा पीड़ित के परिचितों से भी नौकरी लगवाने के नाम पर रकम ली गई। सभी से पैसे लेने के बाद आरोपी ने अपने घर बुलाकर फर्जी अपॉइंटमेंट लेटर थमा दिए। हालांकि जॉइनिंग को लेकर आरोपी लगातार टालमटोल करता रहा। काफी समय बीतने के बाद जब कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई, तब पीड़ितों को ठगी का एहसास हुआ। फिलहाल पुलिस ने आरोपी दंपती के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। - सत्यप्रकाश(ईएमएस)07 अप्रैल 2026