बिलासपुर (ईएमएस)। बेलतरा विधानसभा क्षेत्र में करीब 30 वर्षों के लंबे इंतजार के बाद सडक़ निर्माण कार्यों की शुरुआत होने से ग्रामीणों में उत्सव जैसा माहौल है। विधायक सुशांत शुक्ला की पहल पर क्षेत्र के विभिन्न गांवों में कुल 14.56 करोड़ रुपए की लागत से सडक़ों का विधिवत शिलापूजन किया गया। लंबे समय से जर्जर और कच्ची सडक़ों के कारण आवागमन में भारी परेशानियां झेल रहे ग्रामीणों को अब राहत मिलने की उम्मीद जगी है। बारिश के मौसम में स्थिति और भी बदतर हो जाती थी, जिससे जनजीवन प्रभावित होता था। सडक़ निर्माण की मांग को लेकर ग्रामीणों ने पहले चुनाव बहिष्कार तक की चेतावनी दी थी। विधायक सुशांत शुक्ला ने बताया कि चुनाव के दौरान उन्होंने ग्रामीणों से सडक़ निर्माण का वादा किया था, जिसे अब प्राथमिकता के साथ पूरा किया जा रहा है। भरदैयाडीह-कलमीटार, गोदईया-कलमीटार, भदरापारा-बरभांठा और करमा-बरभांठा-सरगाढोड़ी मार्गों के निर्माण कार्य शुरू हो चुके हैं।सडक़ निर्माण की शुरुआत से बिटकुली, बरभाटा, सरगाढोड़ी, करमा और लगरा समेत कई गांवों में खुशी का माहौल है। ग्रामीणों ने ढोल-नगाड़ों और करमा नृत्य के साथ विधायक का स्वागत किया। ग्रामीणों का कहना है कि इन सडक़ों के बनने से न केवल आवागमन सुगम होगा, बल्कि क्षेत्र के विकास को भी नई दिशा मिलेगी। कार्यक्रम में जनप्रतिनिधि, अधिकारी और बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे। - मनोज राज/07 अप्रैल 2026