क्षेत्रीय
07-Apr-2026
...


बिलासपुर (ईएमएस)। भारतीय जनता पार्टी का स्थापना दिवस बिलासपुर में उत्साह और धूमधाम के साथ मनाया गया। इस अवसर पर भाजपा जिला कार्यालय में आयोजित कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में विधायक अमर अग्रवाल शामिल हुए। कार्यक्रम की शुरुआत झंडारोहण से हुई, जिसके बाद कार्यकर्ताओं ने जोश के साथ नारे लगाए। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विधायक अमर अग्रवाल ने कहा कि भाजपा आज कार्यकर्ताओं की कड़ी मेहनत, दृढ़ इच्छा शक्ति और समर्पण के बल पर विश्व की सबसे बड़ी राजनीतिक पार्टी बनी है। उन्होंने वरिष्ठ नेताओं के त्याग और संघर्ष को पार्टी की सफलता का आधार बताया और कहा कि जनप्रतिनिधि पार्टी और जनता के बीच एक मजबूत सेतु का कार्य करते हैं। उन्होंने बताया कि 8 से 27 अप्रैल तक वे स्वयं विभिन्न शक्ति केंद्रों का दौरा कर कार्यकर्ताओं से मुलाकात करेंगे और संगठन को और मजबूत बनाएंगे। उन्होंने कहा कि भाजपा केवल नारेबाजी करने वाली पार्टी नहीं, बल्कि एक विचारधारा पर आधारित संगठन है। अमर अग्रवाल ने नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व की सराहना करते हुए कहा कि आज भारत वैश्विक स्तर पर एक सशक्त राष्ट्र के रूप में उभर रहा है और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर उसकी प्रतिष्ठा बढ़ी है। कार्यक्रम में जिलाध्यक्ष दीपक सिंह ठाकुर ने भी कार्यकर्ताओं को संबोधित किया और संगठन की मजबूती में उनकी भूमिका को महत्वपूर्ण बताया। कार्यक्रम का संचालन प्रदीप कौशिक ने किया तथा आभार प्रदर्शन अजीत सिंह भोगल ने किया। इस दौरान बड़ी संख्या में भाजपा पदाधिकारी और कार्यकर्ता उपस्थित रहे। मनोज राज 07 अप्रैल 2026