हादसे के बाद हाइवा चालक फरार, प्राथमिक उपचार के बाद बच्चों का घर भेजा डोभी,(ईएमएस)। गया जिले के डोभी में चतरा मोड के पास मंगलवार को हाइवा की टक्कर लगने से बच्चों से भरी टोटो पलट गई, जिससे बच्चे घायल हो गए। लोगों ने आनन-फानन में सभी बच्चों और चालक को अस्पताल में भर्ती करवाया गया, जहां उनका इलाज किया गया। इस हादसे में टोटो चालक सुबोध कुमार की नाक कट गई। इसे प्राथमिक इलाज के बाद मगध मेडिकल कॉलेज अस्पताल रेफर किया गया है। टोटो डोभी गया सड़क मार्ग में स्थित एक निजी विद्या मंदिर के छात्रों को पथलकट्टी से लेकर विद्यालय जा रहा था। इस टोटो में करीब दस बच्चे सवार थे। जानकारी के मुताबिक प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी ने बताया कि घायल बच्चों में खुशबू कुमारी (11), शिवानी कुमारी (10), खुशी कुमारी (16), सुहानी कुमारी (12), अंशिका कुमारी (6) और सतीश कुमार (12) शामिल हैं। सभी का इलाज किया गया बाद में बच्चों स्वजन अस्पताल पहुंचे और बच्चों को घर ले गए। घटना के बाद हाइवा लेकर चालक फरार हो गया। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि टोटो भी बुरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गया है। बता दें जीटी रोड पर टोटो खूब दौड़ रहे हैं, जबकि परिवहन विभाग के आदेशानुसार इसका परिचालन जीटी रोड पर नहीं है। स्कूल के बच्चों को ढोने में आटो, टोटो, मैजिक के साथ अन्य वाहन भी इस्तेमाल हो रहे हैं, जिसमें क्षमता से ज्यादा बच्चों को बैठाया जाता है। स्कूली बसों में भी नियमों की अनदेखी की जा रही है। बसों में सीसीटीवी कैमरा, फर्स्ट ऐड, पेय जल, अग्निशमन नहीं लगे हैं वही एक सीट पर दो दो बच्चों को बैठाकर ले जाते हैं। परिवहन विभाग जांच करे तो कई गाड़ियों का परमिट, प्रदूषण, इंश्योरेंस और इसका वैलेडिटी समाप्त हो चुकी होगी। मंगलवार के घटना के बाद स्थानीय लोगों ने परिवहन विभाग से स्कूली सभी गाड़ियों की जांच करने की मांग की है। सिराज/ईएमएस 07अप्रैल26 --------------------------------