क्षेत्रीय
07-Apr-2026
...


मौके पर मौजूद घायल। शाजापुर (ईएमएस)। जिला मुख्यालय से करीब 10 किलोमीटर दूर नैनावद घाटी पर एक ट्रक से निकले काले धुएं के कारण पीछे आ रही कार सीधे ट्रक में जा घुसी। इस हादसे में चिड़ावद से बोलाई हनुमान दर्शन के लिए जा रहे एक ही परिवार के 8 लोग घायल हो गए, जिनमें एक 13 महीने का मासूम बच्चा भी शामिल है। सभी घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, मंगलवार सुबह करीब 8 से 9 बजे के बीच यह दुर्घटना नैनावद घाटी स्थित एचपी पेट्रोल पंप के सामने हुई। इंदौर से आगरा की ओर जा रहा सीएनजी गैस सिलेंडरों से भरा एक ट्रक घाटी चढ़ रहा था। भारी वजन और चढ़ाई के कारण ट्रक लोड नहीं ले पा रहा था। चालक ने जैसे ही जोर से एक्सीलरेटर दबाया, ट्रक के साइलेंसर से काले धुएं का एक घना गुबार निकला। इसी दौरान पीछे से आ रही चार पहिया गाड़ी के चालक को अचानक फैले इस काले धुएं की वजह से आगे चल रहा ट्रक दिखाई नहीं दिया और कार सीधे ट्रक के पिछले हिस्से में जा टकराई। ट्रक चालक ने ही बुलाई एंबुलेंस हादसे के तुरंत बाद मौके पर मौजूद ट्रक चालक ने सूझबूझ का परिचय दिया और तत्काल 108 एंबुलेंस को फोन कर घटना की सूचना दी। सूचना मिलते ही एंबुलेंस मौके पर पहुंची और कार में फंसे सभी घायलों को रेस्क्यू कर शाजापुर के जिला अस्पताल पहुंचाया। बताया जा रहा है कि यह परिवार अपनी गाड़ी से चिड़ावद से बोलाई की ओर हनुमानजी के दर्शन को जा रहा था। इस दुर्घटना में कार सवार शांता बाई (70 वर्ष), पूजा (31 वर्ष), दिव्या (21 वर्ष), आरव (13 वर्ष), शिवांश (13 महीने), इंद्रा पटेल, सचिन, तक्ष घायल हो गए। सभी घायलों का फिलहाल शाजापुर जिला अस्पताल में उपचार जारी है। ईएमएस/मोहने/ 07 अप्रैल 2026