कांग्रेस अध्यक्ष खरगे का दावा, असम की जनता इस अंहकारी सरकार को उखाड़ फेंकेगी गुवाहाटी,(ईएमएस)। कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने दावा किया कि असम में कांग्रेस के नेतृत्व वाला गठबंधन विधानसभा चुनाव में करीब 72 सीटें जीतेगा। गुवाहाटी में प्रेसवार्ता को संबोधित कर खरगे ने मुख्यमंत्री हिमंता बिस्वा सरमा पर तीखा हमला कर उन्हें भ्रष्ट और अहंकारी कह दिया। उन्होंने आरोप लगाया कि सीएम सरमा कंपनियों, चाय बागानों और रिसॉर्ट्स का एक गिरोह चलाते हैं और अपने करीबी लोगों को जमीनें देते हैं। कांग्रेस नेता ने 2026 के असम चुनावों को जनता और सरमा के बीच का मुकाबला बताया। कांग्रेस अध्यक्ष खरगे ने कहा कि हम बदलाव चाहते हैं और यह जनता बनाम शर्मा का संघर्ष है। हम इस लड़ाई में सिर्फ जनता का समर्थन कर रहे हैं। हमारी सर्वे टीम ने जमीनी स्तर से आंकड़े जुटाए हैं। हम 72-73 सीटें जीत रहे है। मैं जनता से अपील करता हूं कि वे 9 अप्रैल को अपना वोट डालें और सरमा सरकार बदलने के लिए कांग्रेस का समर्थन करें। उन्होंने कहा कि अपने वोट से इस भ्रष्ट सरकार को उखाड़ फेंक बाहर करे। उनके जैसा भ्रष्ट और अहंकारी मुख्यमंत्री कोई नहीं है। असम के लोग अपनी संस्कृति और परंपरा से प्रेम करते हैं; उन्हें असभ्य, अभद्र और अहंकारी मुख्यमंत्री नहीं चाहिए। मुख्यमंत्री जनता के लिए काम करने के बजाय केवल अपने विकास के लिए काम कर रहे हैं। कोयला और हजारों बीगा जमीन उनके दोस्तों को बांटी जा चुकी है। मुख्यमंत्री सरमा को भाजपा का गोद लिया बेटा बताकर उन्होंने केंद्र से सवाल किया कि उनके खिलाफ भ्रष्टाचार के आरोपों की जांच क्यों नहीं शुरू हुई। उन्होंने कहा कि वे गौरव गोगोई को मुख्यमंत्री का बेटा कहकर उनका मजाक उड़ाते हैं। गौरव और उनके पिता की 15 साल की संपत्ति देखिए और उसकी तुलना मुख्यमंत्री सरमा की पांच साल की संपत्ति से कीजिए। प्रधानमंत्री मोदी, गृह मंत्री, मोहन भगवत, इस भ्रष्टाचार के बारे में क्या कहना चाहते हैं? वे कहते हैं कि वे भ्रष्टाचार बर्दाश्त नहीं करते और न खाऊंगा न खाने दूंगा। लेकिन आपका गोद लिया बेटा यह सब कर रहा है। उसके खिलाफ कोई जांच क्यों नहीं हो रही है? सरमा की पत्नी रिनिकी भुयान सरमा द्वारा फर्जी पासपोर्ट के आरोपों के संबंध में दर्ज हुई एफआईआर के बाद असम पुलिस पवन खेड़ा के आवास पर पहुंची। इस पर खरगे ने कहा कि पार्टी इसका सामना करेगी। उन्होंने केंद्र से रिनिकी के पासपोर्ट के बारे में स्पष्टीकरण भी मांगा। उन्होंने कहा कि उनकी दोहरी इंजन वाली सरकार है और विदेश मंत्री भी उनकी ही पार्टी से हैं। आशीष दुबे / 07 अप्रैल 2026