क्षेत्रीय
08-Apr-2026


- उप मुख्यमंत्री और चिकित्सा शिक्षा मंत्री के बंगले के बाहर चिपकाये थे पोस्टर भोपाल(ईएमएस)। एनएसयूआई के उपाध्यक्ष रवि परमार के खिलाफ हबीबगंज थाना पुलिस ने प्रकरण दर्ज किया है। गौरतलब है की परमार ने तीन दिन पहले प्रदेश के उप मुख्यमंत्री और चिकित्सा शिक्षा मंत्री के बंगले के बाहर पोस्टर चिपकाये थे। इसके बाद बंगले की सुरक्षा में तैनात होमगार्ड सैनिक की शिकायत पर उनके खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। पुलिस के अनुसार पोस्टर चिपकाने से पूर्व रवि परमार ने 4 अप्रैल को इस संबंध में मीडिया में जानकारी साझा करते हुए बताया था कि वे भोपाल जिला चिकित्सालय के सीएमएचओ डॉक्टर मनीष शर्मा की तरफ से बनाई गई फर्जी अस्पतालों की मान्यता सूची को लेकर अभियान चलाने वाले हैं। और सीएमएचओ कार्यालय के अलावा स्वास्थ्य मंत्री के बंगले, स्वास्थ्य संचालनालय, आयुष्मान विभाग में पोस्टर चिपकाने का काम करेंगे। उनके साथ संगठन के जिला अध्यक्ष अक्षय तोमर भी थे। पूर्व घोषित कार्यक्रम के तहत वे क्रेटा कार से चार ईमली स्थित उप मुख्यमंत्री राजेंद्र शुक्ला के बंगले पर पहुचें। यहॉ चिपकाये गये पोस्टर में फर्जी निरीक्षण रिपोर्ट बनाने के लिए संपर्क करें नटवरलाल उर्फ नट्टू शर्मा लिखा था। बंगले की सुरक्षा में तैनात होमगार्ड सैनिक हिमांशु तिवारी पिता ओमप्रकाश तिवारी (30) ने उन्हें रोका। जब वह नहीं माने तो बाद में इसकी जानकारी बंगले के अधिकारियों को दी गई। जिसके बाद हबीबगंज थाना पुलिस से शिकायत की गई पुलिस ने रवि परमार के अलावा एक अन्य के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर लिया है। पुलिस का कहना है, कि अन्य आरोपी की जानकारी जुटाने के लिये कार नंबर के मालिक की जानकारी जुटाई जा रही है। जुनेद / 8 अप्रैल