:: शहर के प्रमुख मंदिरों के पुजारी बनेंगे सहभागी :: इंदौर (ईएमएस)। विश्व ब्राह्मण समाज संघ द्वारा आगामी 23 अप्रैल, गुरुवार को एयरपोर्ट रोड स्थित बाबाश्री रिसोर्ट पर घर जैसी शादी की अनूठी संकल्पना के साथ 21 जोड़ों का भव्य सामूहिक विवाह आयोजित किया जाएगा। वरिष्ठ समाजसेवी ब्रह्मलीन रमेशचंद्र अग्रवाल की पावन स्मृति में आयोजित होने वाले इस महोत्सव का यह लगातार तीसरा वर्ष है। इस आयोजन की सबसे बड़ी विशेषता यह है कि इसमें खजराना गणेश मंदिर और रणजीत हनुमान मंदिर सहित शहर के तमाम प्रमुख मंदिरों के पुजारी, विद्वान और विप्र बंधु स्वयं व्यवस्थाओं की बागडोर संभालेंगे। आयोजन समिति के अध्यक्ष पं. योगेन्द्र महंत एवं संयोजक राजेश बंसल ने बताया कि इस भव्य महोत्सव की तैयारियां युद्ध स्तर पर शुरू हो गई हैं। हाल ही में आयोजित एक विशेष बैठक में म.प्र. ज्योतिष एवं विद्वत परिषद के अध्यक्ष आचार्य पं. रामचंद्र शर्मा वैदिक, रणजीत हनुमान मंदिर के पं. दीपेश व्यास और खजराना गणेश मंदिर के मुख्य पुजारी पं. अशोक भट्ट के सानिध्य में आवेदन पत्रों का विधिवत लोकार्पण किया गया। आयोजन समिति ने स्पष्ट किया है कि सामूहिक विवाह में शामिल होने वाले युगलों से किसी भी प्रकार का कोई शुल्क नहीं लिया जा रहा है। सम्मेलन संयोजक राजेश गर्ग और शिव जिंदल के अनुसार, समिति द्वारा दुल्हों को सूट, दुल्हनों को चुन्नी सूट और सभी नव-दम्पत्तियों को गृहस्थी का आवश्यक सामान उपहार स्वरूप भेंट किया जाएगा। इस आयोजन को पूरी तरह पारंपरिक और पारिवारिक माहौल देने के लिए अग्रवाल एवं वैश्य समाज के प्रतिनिधि भी ब्राह्मण समाज के साथ कंधे से कंधा मिलाकर जुटे हैं। महोत्सव की दिव्यता और व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए 11 विशिष्टजनों की एक मार्गदर्शक समिति गठित की गई है, जो बारात, फेरे और आशीर्वाद समारोह को यादगार बनाने के लिए निरंतर कार्य कर रही है। प्रकाश/08 अप्रैल 2026 संलग्न चित्र - इंदौर। विश्व ब्राह्मण समाज संघ द्वारा आयोजित बैठक में सामूहिक विवाह के आवेदन फॉर्म का लोकार्पण करते अतिथि एवं आयोजन समिति के सदस्य।