:: 1.784 हेक्टेयर बेशकीमती भूमि से हटा अवैध कब्जा, भू-माफियाओं में हड़कंप :: इंदौर (ईएमएस)। इंदौर जिला प्रशासन और नगर निगम के संयुक्त अमले ने आज भू-माफियाओं के विरुद्ध एक बड़ी निर्णायक कार्रवाई को अंजाम दिया है। पिपलिया राव क्षेत्र में चोइथराम अस्पताल के ठीक सामने स्थित लगभग 200 करोड़ रुपये से अधिक मूल्य की बेशकीमती शासकीय भूमि को पूरी तरह अतिक्रमण मुक्त करा लिया गया है। यह कार्रवाई कलेक्टर शिवम वर्मा के निर्देशन एवं एसडीएम जूनी इंदौर घनश्याम धनगर के मार्गदर्शन में प्रभावी ढंग से संपन्न हुई। एसडीएम घनश्याम धनगर ने जानकारी दी कि ग्राम पिपलिया राव स्थित सर्वे क्रमांक 19/1, 20/1, 21/1 और 22/2 की कुल 1.784 हेक्टेयर शासकीय भूमि पर खुशबीर सिंह पिता दलजीत सिंह द्वारा लंबे समय से अवैध कब्जा किया गया था। इस संबंध में राजस्व न्यायालय द्वारा अतिक्रमण हटाने के आदेश दिए गए थे। प्रशासन ने विगत 25 फरवरी 2026 को अंतिम नोटिस जारी कर कब्जा हटाने के निर्देश दिए थे, जिसकी मियाद पूरी होने पर आज बुलडोजर चलाकर भूमि को शासन के आधिपत्य में लिया गया। कलेक्टर शिवम वर्मा ने इस सफल कार्रवाई के बाद कड़ा रुख अपनाते हुए कहा कि सरकारी जमीन पर किसी भी प्रकार का अतिक्रमण बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और जिले में यह अभियान आगे भी निरंतर जारी रहेगा। कार्रवाई के दौरान तहसीलदार राकेश सस्तिया, कमलेश कुशवाह, नायब तहसीलदार डीपी सोनी और रिमूवल अधिकारी अंकेश बिरथरे सहित भारी पुलिस बल मौके पर तैनात रहा। प्रकाश/08 अप्रैल 2026