नई दिल्ली (ईएमएस)। कांग्रेस प्रवक्ता पवन खेड़ा का नया वीडियो आया है। इसमें उन्होंने आरोप लगाया कि जनता देख रही है कि पिछले दो दिन से असम के मुख्यमंत्री और देश के गृह मंत्री क्या-क्या हथकंडे अपना रहे हैं । पवन खेड़ा ने वीडियो में कहा, दिल्ली में 100 पुलिस वाले मेरे फ्लैट पर गए। मैं नहीं था। मेरे परिवार का कोई नहीं था। लेकिन पुलिस वाले मेरी छोटी बहन जिसकी कोविड में मौत हो गई, उसका यादगार पुराना फोन उठाकर ले गए। मेरा लैपटॉप जिसका मैं इस्तेमाल नहीं करता, उसे ले गए। एक आईपैड जिसका इस्तेमाल मैंने अभी शुरू नहीं किया था, वह ले गए। उन्होंने कहा कि मैं जहां भी जाता हूं या उनको लगता है कि मैं गया हुआ हूं, वहां ये पुलिस भेज रहे हैं। सवाल ही तो उठाए हैं कांग्रेस पार्टी ने। आप मुझे चुप क्यों करवाना चाहते हैं? सवाल पूछे हैं, जवाब दीजिए। हम कहते हैं ये कागज और जानकारी आई है, इसकी जांच कीजिए। आप जवाब देने की जगह गाली दे रहे हो। पुलिस छोड़ रहे हो। आप डराने की कोशिश कर रहे हैं। आपकी आदत डराने की हो सकती है लेकिन हमारी आदत डरने की नहीं है। क्योंकि मैं मेवाड़ का हूं, कांग्रेसी हूं, राहुल गांधी का सिपाही हूं। उन्होंने कहा कि जो कागज हमारे पास आए और वेबसाइट के नाम बताए, वो हमने सबके साथ साझा किया। हम तो यही उम्मीद करते हैं कि आप जांच बैठाएं लेकिन आपने पुलिस छोड़ दी। हमारे पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष, जिनका राजनीतिक अनुभव आपकी उम्र से ज्यादा है, आपने कल उनके लिए जो अपशब्द इस्तेमाल किए, क्या असम की जनता इसको स्वीकार करेगी? सुबोध/०८-०४-२०२६