राष्ट्रीय
08-Apr-2026


:: भ्रष्टाचार और मारपीट का आरोप लगाकर 25 वर्षीय युवक ने लगाया फंदा; वीडियो वायरल होने के बाद सब-इंस्पेक्टर निलंबित :: इंदौर (ईएमएस)। शहर के राजेंद्र नगर थाना क्षेत्र में एक 25 वर्षीय टैक्सी चालक अभिषेक पाटिल द्वारा आत्महत्या करने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। युवक ने मौत से पहले एक भावुक वीडियो रिकॉर्ड किया, जिसमें उसने पुलिस पर मारपीट और 50 हजार रुपये की रिश्वत मांगने के गंभीर आरोप लगाए हैं। वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया, जिसके परिणामस्वरूप एक उप-निरीक्षक (एसआई) को निलंबित कर दिया गया है। मृतक अभिषेक ने वीडियो में आरोप लगाया कि सोमवार रात राजेंद्र नगर क्षेत्र में उसकी टैक्सी से एक अन्य कार को मामूली खरोंच लग गई थी। आरोप है कि मौके पर पहुंची पुलिस ने दूसरे पक्ष का साथ दिया और अभिषेक के साथ मारपीट की। अभिषेक का दावा था कि पुलिस ने उसकी टैक्सी जब्त कर ली, उसे धमकाया और छोड़ने के बदले 50,000 रुपये की रिश्वत की मांग की। इसी मानसिक तनाव और अपमान के चलते अभिषेक ने मंगलवार को अपने घर पर फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। :: सब-इंस्पेक्टर सस्पेंड, एसीपी करेंगे जांच :: वीडियो के संज्ञान में आते ही पुलिस प्रशासन ने त्वरित कार्रवाई की है। पुलिस उपायुक्त (डीसीपी) श्रीकृष्ण लालचंदानी ने बताया, टैक्सी चालक के वीडियो और आरोपों को गंभीरता से लेते हुए घटनास्थल पर मौजूद सब-इंस्पेक्टर मनोहर पाल को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है। :: 3 दिन में मांगी रिपोर्ट :: मामले की निष्पक्ष जांच के लिए पूरी जिम्मेदारी एक सहायक पुलिस आयुक्त (एसीपी) को सौंपी गई है। जांच अधिकारी को निर्देश दिए गए हैं कि वे 3 दिनों के भीतर अपनी विस्तृत रिपोर्ट सौंपें। अधिकारियों का कहना है कि रिपोर्ट के आधार पर दोषी पाए जाने वाले अन्य पुलिसकर्मियों पर भी कठोर वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। इस घटना ने एक बार फिर पुलिस की कार्यप्रणाली और व्यवहार पर सवालिया निशान खड़े कर दिए हैं। मृतक के परिजनों में गहरा रोष है और वे दोषियों के खिलाफ सख्त सजा की मांग कर रहे हैं। प्रकाश/08 अप्रैल 2026