क्षेत्रीय
08-Apr-2026
...


बिलासपुर (ईएमएस)। यात्रियों की लंबे समय से चली आ रही मांग को पूरा करते हुए बिलासपुर-यलहंका-बिलासपुर स्पेशल ट्रेन को नियमित करने का निर्णय लिया गया है। भारत सरकार के आवासन एवं शहरी कार्य राज्यमंत्री तोखन साहू के विशेष प्रयासों और क्षेत्र की जनसुविधा को ध्यान में रखते हुए यह कदम उठाया गया है। रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने तोखन साहू को पत्र लिखकर इस निर्णय की जानकारी साझा की है और इसे अपनी स्वीकृति दी है। रेल मंत्री के इस निर्णय के बाद अब यह ट्रेन गाड़ी संख्या 18261/18262 (बिलासपुर-यलहंका एक्सप्रेस) के रूप में नियमित रूप से संचालित होगी। इस महत्वपूर्ण पहल से बिलासपुर और आसपास के यात्रियों को दक्षिण भारत, विशेषकर बेंगलुरु (यलहंका) क्षेत्र तक आवागमन के लिए एक सुलभ और स्थायी विकल्प मिल सकेगा। संयोजक तोखन साहू ने इस त्वरित निर्णय के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव का आभार व्यक्त किया। उन्होंने दोहराया कि केंद्र सरकार छत्तीसगढ़ के रेल बुनियादी ढांचे और यात्री सुविधाओं के विस्तार के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। मनोज राज 08 अप्रैल 2026