बालाघाट (ईएमएस).माय भारत बजट क्वेस्ट के अंतिम चरण के लिए बालाघाट के प्रतिभावान युवा सिद्धार्थ गेड़ाम का चयन हो गया है। देशभर के 12 लाख से अधिक प्रतिभागियों में से चुनिंदा फाइनलिस्ट्स में शामिल होने पर सिद्धार्थ को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ वर्चुअल संवाद का गौरवपूर्ण अवसर मिलेगा। यह प्रतिष्ठित राष्ट्रीय कार्यक्रम 12 और 13 अप्रैल को भोपाल में आयोजित होगा, जिसमें चयनित युवा यूनियन बजट-2026 पर अपने विचार, सुझाव और विजन साझा करेंगे। माय भारत प्लेटफॉर्म पर आयोजित इस क्विज़-आधारित मल्टी-स्टेज प्रतियोगिता का उद्देश्य युवाओं को बजट की समझ बढ़ाना और विकसित भारत-2047 के निर्माण में उनकी भागीदारी सुनिश्चित करना है। सिद्धार्थ गेड़ाम ने पिछले चरणों में अपनी उत्कृष्ट प्रतिभा, गहरी समझ और बेहतरीन प्रदर्शन से यह उपलब्धि हासिल की। यह चयन न केवल सिद्धार्थ के लिए व्यक्तिगत उपलब्धि है, बल्कि बालाघाट एवं मध्य प्रदेश के युवाओं के लिए भी प्रेरणा का स्रोत है। यह दर्शाता है कि युवा शक्ति अब सीधे राष्ट्रीय नीति-निर्माण में अपनी आवाज़ बुलंद कर रही है। सिद्धार्थ गेड़ाम ने कहा कि यह अवसर मेरे लिए सम्मानजनक है। मैं बजट पर युवाओं के दृष्टिकोण को प्रधानमंत्री तक पहुंचाने का पूरा प्रयास करूंगा। भानेश साकुरे / 08 अप्रैल 2026