कोरबा (ईएमएस) कोयला मजदूर सभा (एच.एम.एस.) ने संगठन को सुदृढ़ एवं प्रभावी बनाने के उद्देश्य से विभिन्न क्षेत्रों के लिए नए प्रभारियों की नियुक्ति की है। इस संबंध में महासचिव नाथूलाल पाण्डेय द्वारा कार्यालय आदेश जारी किया गया है। जारी आदेश के अनुसार समाजसेवी और दबंग वरिष्ठ नेता केदार नाथ अग्रवाल को गेवरा, दीपका, कुसमुण्डा, कोरबा, सीईडब्लूएस गेवरा एवं सीडब्लूएस कोरबा प्रभारी नियुक्त किया गया हैं। इसी कड़ी में योगेंद्र मिश्रा को चिरमिरी, भटगाँव, बैकुण्ठपुर एवं विश्रामपुर क्षेत्र की जिम्मेदारी सौंपी गई है। इसी तरह अक्षय तिवारी को जोहिला, सोहागपुर, जमुना कोतमा, हसदेव क्षेत्र तथा अरुण कुमार झा को रायगढ़ क्षेत्र का प्रभारी नियुक्त किया गया है। महामंत्री नाथूलाल पाण्डेय ने निर्देशित किया है कि सभी नियुक्त प्रभारी अपने-अपने क्षेत्रों में संगठन को मजबूत करने, श्रमिकों के हितों की रक्षा करने तथा गतिविधियों को प्रभावी ढंग से संचालित करने के लिए क्षेत्रीय एवं शाखा समितियों को मार्गदर्शन एवं सहयोग प्रदान करेंगे। साथ ही वे क्षेत्रीय व यूनिट स्तर पर बैठक आयोजित करने और संचालन के लिए अधिकृत होंगे। उन्होंने आगे कहा कि यदि संगठन के हित में कोई सुझाव हों, तो उन्हें तथ्यों सहित केंद्रीय मुख्यालय को भेजा जाए, जिस पर विचार किया जाएगा। सभी क्षेत्रीय एवं इकाई समितियों को निर्देशित किया गया है कि वे प्रभारियों के साथ समन्वय स्थापित करें और बैठकों में उनकी उपस्थिति सुनिश्चित करें। 09 अप्रैल / मित्तल