रायपुर(ईएमएस)। राजधानी रायपुर के वीआईपी रोड स्थित चर्चित हाइपर क्लब में देर रात मामूली बात ने बड़ा विवाद खड़ा कर दिया। कहासुनी से शुरू हुआ मामला देखते ही देखते हाथापाई और धक्का-मुक्की में बदल गया। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। यह मामला तेलीबांधा थाना क्षेत्र का है। जानकारी के अनुसार, क्लब में पार्टी कर रहे युवक-युवतियों के एक ग्रुप में एक युवक द्वारा एक युवती को ‘हाय’ कहने पर दूसरे पक्ष ने आपत्ति जताई। इसके बाद दोनों गुटों के बीच तीखी बहस हुई, जो जल्द ही मारपीट में तब्दील हो गई। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन तब तक स्थिति और बिगड़ चुकी थी। दोनों पक्ष क्लब से बाहर निकलकर पार्किंग में भी आपस में भिड़ गए। पुलिसकर्मियों के सामने ही गाली-गलौज और धक्का-मुक्की जारी रही। स्थानीय लोगों के अनुसार, हाइपर क्लब में इस तरह की घटनाएं पहले भी हो चुकी हैं। यहां पूर्व में मारपीट और फायरिंग जैसी घटनाएं सामने आ चुकी हैं, जिससे सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठ रहे हैं। गौरतलब है कि पुलिस और आबकारी विभाग द्वारा क्लब संचालन के लिए सख्त नियम तय किए गए हैं, लेकिन इसके बावजूद लेट नाइट पार्टियों का सिलसिला जारी है। हाल ही में वीआईपी रोड स्थित एक फर्जी कैफे में देर रात पार्टी पर पुलिस ने कार्रवाई की थी, वहीं सेरीखेडी के पियानो क्लब का एक वीडियो भी विवादों में रहा था। पुलिस अधिकारियों ने कहा है कि लेट नाइट पार्टी और नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल, तेलीबांधा पुलिस वायरल वीडियो के आधार पर आरोपियों की पहचान कर आगे की कार्रवाई में जुटी है। सत्यप्रकाश(ईएमएस)09 अप्रैल 2026