क्षेत्रीय
09-Apr-2026
...


गौरेला-पेण्ड्रा-मरवाही(ईएमएस)। जिले के गौरेला थाना क्षेत्र में सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे ने पूरे इलाके को झकझोर दिया। मॉर्निंग वॉक पर निकली दो महिलाओं को तेज रफ्तार पिकअप कैंपर ने पीछे से टक्कर मार दी, जिससे दोनों की मौके पर ही मौत हो गई। जानकारी के अनुसार, यह हादसा सुबह करीब 6:15 बजे आईटीआई सेमरा के पास मुख्य मार्ग पर हुआ। बेला बाई पनसारी और सुशीला वर्मा रोज की तरह सैर के लिए निकली थीं। इसी दौरान पीछे से आ रहे पिकअप कैंपर वाहन (क्रमांक MP 21 G 0992) ने उन्हें अपनी चपेट में ले लिया। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों महिलाएं 15 से 20 फीट दूर जा गिरीं। हादसे के बाद अनियंत्रित पिकअप पास खड़ी एक बस से भी जा टकराई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। उपनिरीक्षक सनत रात्रे ने बताया कि दुर्घटना के बाद चालक मौके से फरार हो गया। दोनों शवों को कब्जे में लेकर जिला अस्पताल की मर्च्यूरी में रखवाया गया है। पुलिस के अनुसार, घटना में वाहन का हेल्पर संदीप यादव घायल हुआ है। वहीं फरार चालक लल्लू की तलाश तेज कर दी गई है। बताया जा रहा है कि कैंपर वाहन कोरबा से कटनी कैमूर की ओर जा रही थी। घटना के बाद परिजनों और स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश और शोक का माहौल है। लोगों ने मुख्य सड़कों पर तेज रफ्तार वाहनों पर नियंत्रण की मांग की है। पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपी चालक की तलाश शुरू कर दी है। सत्यप्रकाश(ईएमएस)09 अप्रैल 2026