जांजगीर-चांपा(ईएमएस)। जिले के मुलमुला थाना क्षेत्र में सोशल मीडिया के जरिए दोस्ती कर युवती से अनाचार का मामला सामने आया है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है। पुलिस के मुताबिक, आरोपी अनिकेत तांडे (20), निवासी सोनादुला ने वर्ष 2022 में इंस्टाग्राम के माध्यम से पीड़िता से संपर्क किया था। बातचीत के दौरान उसने खुद को एचडीएफसी बैंक का कर्मचारी बताया और युवती के परिजनों के सामने शादी का प्रस्ताव भी रखा। विश्वास में लेकर आरोपी ने युवती को शादी का झांसा दिया और उसके साथ अनाचार किया। समय बीतने के बाद जब उसने शादी से इनकार कर दूरी बनानी शुरू की, तब पीड़िता ने थाना मुलमुला में शिकायत दर्ज कराई। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने अपराध क्रमांक 116/2026 के तहत धारा 64(2)(एम) और 69 बीएनएस के तहत केस दर्ज कर जांच शुरू की। आरोपी घटना के बाद से फरार था और लगातार अपनी लोकेशन बदल रहा था। तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिर की सूचना के आधार पर पुलिस को जानकारी मिली कि आरोपी रायपुर के हीरापुर इलाके में छिपा हुआ है। इसके बाद मुलमुला पुलिस की टीम ने घेराबंदी कर उसे गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में आरोपी ने अपना अपराध स्वीकार कर लिया। पुलिस ने उसे न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया। पुलिस ने इस घटना के बाद लोगों, खासकर युवाओं को सोशल मीडिया पर अनजान लोगों से सावधानीपूर्वक संपर्क करने और किसी भी तरह के झांसे में न आने की सलाह दी है। सत्यप्रकाश(ईएमएस)09 अप्रैल 2026