क्षेत्रीय
09-Apr-2026
...


रायगढ़(ईएमएस)। खरीफ सीजन को देखते हुए कृषि विभाग ने जिले में खाद-बीज की उपलब्धता और गुणवत्ता सुनिश्चित करने के लिए सख्ती बढ़ा दी है। विभाग द्वारा गठित निगरानी दल लगातार दुकानों की आकस्मिक जांच कर रहा है। अब तक 16 प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया गया, जिनमें से 5 दुकानों में अनियमितताएं पाए जाने पर संचालकों को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया है। जांच के दौरान गोयल फर्टिलाइजर, मेसर्स किसान इंटरप्राइजेज, अन्नपूर्णा खाद भंडार, विक्की खाद भंडार और नरेश ट्रेडर्स में गड़बड़ियां सामने आईं। कहीं स्टॉक रजिस्टर का संधारण सही नहीं मिला, तो कहीं मूल्य सूची प्रदर्शित नहीं की गई थी। कृषि विभाग के अनुसार, किसानों को रासायनिक उर्वरक उचित मूल्य पर उपलब्ध कराने के लिए खाद, बीज और कीटनाशक विक्रेताओं की नियमित निगरानी की जा रही है। पिछले दो दिनों में अलग-अलग क्षेत्रों में यह कार्रवाई की गई। अनियमितताओं को गंभीरता से लेते हुए सभी संबंधित दुकानदारों को कारण बताओ नोटिस जारी कर जल्द सुधार करने के निर्देश दिए गए हैं। जिले में खाद भंडारण और वितरण पर कड़ी नजर रखने के लिए जिला स्तरीय टीम बनाई गई है। इस टीम के नोडल अधिकारी सहायक संचालक कृषि हिन्द कुमार भगत को नियुक्त किया गया है, जिनके मार्गदर्शन में आगे भी निरीक्षण अभियान जारी रहेगा। सत्यप्रकाश(ईएमएस)09 अप्रैल 2026